हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने पानीपत में लगाया जनता दरबार, लोगों की समस्याएं सुनीं

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने पानीपत में लगाया जनता दरबार, लोगों की समस्याएं सुनीं

Minister of Education Mahipal Dhanda

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा पानीपत के रेस्ट हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने जनता दरबार लगाकर आम लोगों की समस्याएं सुनी और कई शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद है कि जनता तक सीधे पहुंचा जाए और उनकी परेशानियों का समाधान बिना किसी देरी के हो। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए मंत्री ने कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी और कुछ स्कूलों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने का भी ऐलान किया।

तीन बड़े स्कूलों को नोटिस, हो सकती है मान्यता रद्द

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने बताया कि प्रदेश के तीन बड़े निजी स्कूलों को नोटिस जारी किए गए हैं। इन स्कूलों पर नियमों की अनदेखी का आरोप है। उन्होंने साफ कहा कि अगर इन स्कूलों के जवाब संतोषजनक नहीं हुए तो उनकी मान्यता रद्द की जा सकती है। मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि अब नियम तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, “सरकार ने पहले भी कई बार अवसर दिए, लेकिन अब कोई ये न कहे कि हमें जानकारी नहीं दी गई। नियमों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं होगी।”

मंत्री ने यह भी कहा कि शिक्षा विभाग अब किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कदम उठाएगा ताकि प्रदेश में शिक्षा का स्तर सुधरे और हर बच्चा नियमों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पा सके।

राइट टू एजुकेशन पर बड़ा बयान

राइट टू एजुकेशन (शिक्षा का अधिकार) कानून पर बोलते हुए मंत्री ढांडा ने कहा कि पहले कई जगह मनमानी चलती थी। स्कूल अपनी मर्जी से काम करते थे और कई बार बच्चों और अभिभावकों को परेशानी होती थी। लेकिन जबसे उन्होंने शिक्षा मंत्री का कार्यभार संभाला है, उन्होंने विभाग को सख्त निर्देश दिए हैं कि कोई भी देरी, लापरवाही या अनदेखी नहीं चलेगी। उन्होंने कहा,”हर स्कूल को अब नियमों के दायरे में काम करना होगा। जो संस्थान नियमों का पालन नहीं करते, उन पर कार्रवाई तय है।” इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जब कोई कार्रवाई होती है तो समाज में कुछ लोग दोषियों के समर्थन में आ जाते हैं, जो सही नहीं है। नियमों का पालन हर किसी की जिम्मेदारी है, तभी जनता को सुशासन का असली फायदा मिलेगा।

विधानसभा सत्र और विपक्ष पर टिप्पणी

मंत्री ने जानकारी दी कि हरियाणा विधानसभा का सत्र अगले दिन से शुरू हो रहा है, जिसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि यह सत्र जनता से जुड़े मामलों पर केंद्रित रहेगा। विपक्ष को अपनी बात रखने का मौका मिलेगा और सरकार भी अपने कामों का हिसाब देगी। उन्होंने कहा,”कुछ फैसले ऐसे होते हैं जिन्हें विधानसभा से मंजूरी लेनी जरूरी होती है। ऐसे में यह सत्र अहम रहेगा।”

दिल्ली की सीएम पर हमले की निंदा

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले पर शिक्षा मंत्री ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद निंदनीय है। “जो व्यक्ति बिना सुरक्षा के 24 घंटे जनता की सेवा करता है, उस पर हमला करना शर्मनाक है।”उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे लोग जो किसी के इशारे पर या पूर्वाग्रह के चलते अपराध करते हैं, उनसे प्रशासन सख्ती से निपटेगा।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews