हरियाणा की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब राज्य के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुद उनसे मिलने पहुंचे और उनका हालचाल लिया। बताया जा रहा है कि मंत्री को छाती में इन्फेक्शन की समस्या हुई थी, जिसके चलते उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई और अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
सूत्रों के अनुसार, महिपाल ढांडा को शुरुआती इलाज के लिए दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां करीब दो-तीन दिन तक डॉक्टरों की निगरानी में रहने के बाद शुक्रवार शाम उन्हें गुरुग्राम शिफ्ट किया गया। यहां निजी स्थान पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। फिलहाल डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
फ्रांस दौरे से लौटी तबीयत में गिरावट
मंत्री ढांडा के मीडिया प्रभारी जितेंद्र अहलावत ने जानकारी दी कि बीते दिनों वे फ्रांस दौरे पर गए थे। वहां के वातावरण में बदलाव के चलते उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हुई। फ्रांस में भी उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि लौटने के बाद भी उनकी तबीयत पूरी तरह से ठीक नहीं हो पाई और दिल्ली पहुंचने पर हालत बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाना पड़ा।
CM सैनी ने जताई चिंता
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को गुरुग्राम पहुंचकर मंत्री महिपाल ढांडा से मुलाकात की और उनकी सेहत की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों से इलाज की जानकारी प्राप्त की और ढांडा के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। सीएम की इस मुलाकात को मंत्री के प्रति संवेदना और सरकार की टीम भावना के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी मंत्री की जल्दी स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।





