हरियाणा के अंबाला कैंट से 2 पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार, जम्मू के बाल सुधार गृह से पुलिस पर फायरिंग कर भागे थे

हरियाणा STF ने जम्मू पुलिस पर हमला कर बाल सुधार गृह से भागे दो पाकिस्तानी नागरिकों को अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। ये दोनों ट्रेन पकड़कर भागने की फिराक में थे, जबकि इनके दो भारतीय साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
हरियाणा के अंबाला कैंट से 2 पाकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार, जम्मू के बाल सुधार गृह से पुलिस पर फायरिंग कर भागे थे

जम्मू के आरएसपुरा स्थित बाल सुधार गृह से सुरक्षाकर्मियों पर फायरिंग कर फरार हुए दो पाकिस्तानी नागरिकों को हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार शाम को हुई इस कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपी ट्रेन पकड़कर आगे भागने की फिराक में थे। केंद्रीय एजेंसियों से मिले खुफिया इनपुट के आधार पर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद सनाउल्लाह (20) निवासी मुजफ्फरगढ़, पंजाब (पाकिस्तान) और अहसान अनवर (21) निवासी ननकाना साहिब, पंजाब (पाकिस्तान) के रूप में हुई है। एसटीएफ ने बताया कि इनके दो अन्य साथी, कर्णजीत सिंह उर्फ गूंगा और ठाकुर, पुलिस टीम को देखते ही मौके से फरार हो गए। फिलहाल, गिरफ्तार किए गए दोनों पाकिस्तानियों को जम्मू पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

ऐसे दिया था फरारी को अंजाम

जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना 16 फरवरी की शाम करीब 5 बजे की है। मोहम्मद सनाउल्लाह और अहसान अनवर ने अपने एक भारतीय साथी कर्णजीत सिंह उर्फ गूंगा के साथ मिलकर बाल सुधार गृह से भागने की एक सोची-समझी साजिश रची। इसी साजिश के तहत, कर्णजीत ने अपनी अवैध पिस्तौल से ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी, जिससे वे घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

बाल सुधार गृह से भागने के बाद कर्णजीत इन दोनों पाकिस्तानियों को अपने एक अन्य साथी ‘ठाकुर’ के पास ले गया, जहां से उनके आगे भागने की पूरी योजना बनाई गई। इसके बाद ये चारों किसी तरह अंबाला पहुंचे।

स्टेशन पर एसटीएफ ने बिछाया था जाल

जम्मू पुलिस से मिली सूचना और केंद्रीय एजेंसियों के इनपुट के बाद हरियाणा एसटीएफ ने अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर जाल बिछाया। अधिकारियों के अनुसार, स्टेशन पर तलाशी अभियान के दौरान दोनों पाकिस्तानी नागरिक पकड़ में आ गए। वे किसी ट्रेन में सवार होकर अपनी पहचान छिपाते हुए फरार होना चाहते थे।

हालांकि, उनके भारतीय साथी कर्णजीत और ठाकुर बेहद शातिर निकले और पुलिस की मौजूदगी भांपते ही भीड़ का फायदा उठाकर स्टेशन से भागने में कामयाब रहे। पुलिस अब उनकी भी तलाश कर रही है।

गिरफ्तार सनाउल्लाह को 2021 में अवैध रूप से बॉर्डर पार करते हुए पकड़ा गया था, जबकि अनवर 2019 से अवैध घुसपैठ के आरोप में बंद था। दोनों की दोस्ती बाल सुधार गृह में ही हुई थी।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews