हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा और सरपंचों के बीच छिड़ा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। जींद में एक कार्यक्रम के दौरान मंच से पूर्व सरपंच को उतारने और ’70 सरपंच हांडै’ वाली टिप्पणी को लेकर अब यह मामला व्यक्तिगत न रहकर हरियाणा की पंचायतों और कलाकार के बीच प्रतिष्ठा की जंग बन चुका है। मासूम शर्मा ने सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए अपने शब्द वापस तो ले लिए हैं, लेकिन सरपंचों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है।
हरियाणा सरपंच एसोसिएशन ने साफ कर दिया है कि जब तक मासूम शर्मा सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक गांवों में उनके कार्यक्रमों का बहिष्कार किया जाएगा। इस विवाद ने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री को भी दो धड़ों में बांट दिया है।
क्या है पूरा विवाद और ’70 सरपंच’ वाली टिप्पणी का मतलब?
यह पूरा मामला 18 फरवरी को जींद में मासूम शर्मा के एक पारिवारिक कार्यक्रम से शुरू हुआ था। कार्यक्रम में भीड़ बढ़ने पर सिंगर ने मंच से मुआना गांव के पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा को नीचे उतरने के लिए कह दिया। साथ ही उन्होंने कहा, “मेरे प्रोग्राम में कोई सरपंच, एमएलए या मंत्री हो, मैं किसी को नहीं मानता।” इसका वीडियो वायरल होने के बाद विवाद बढ़ गया।
बाद में एक बयान में मासूम शर्मा ने हरियाणवी कहावत ‘तेरे बरगै 70 हांडै’ का जिक्र किया, जिसका मतलब होता है ‘तुम्हारे जैसे 70 घूमते हैं’। इस टिप्पणी ने आग में घी का काम किया और सरपंचों ने इसे पूरे पंचायत समुदाय का अपमान माना। हालांकि, मासूम ने अब कहा है कि जिस भी जनप्रतिनिधि को बुरा लगा है, वह अपने शब्द वापस लेते हैं।
“70 सरपंच वाली बात पै कहना चाहूंगा कि जिस भी जनप्रतिनिधि को बुरा लगा है तो वापस लेता हूं। बाकी विरोध तो जिंदा लोगों का होता ही है। ये व्यक्तिगत मामला है, इसे जात-पात का जहर न बनाएं।” — मासूम शर्मा, हरियाणवी सिंगर
सरपंच एसोसिएशन ने दी खुली चेतावनी
सरपंच एसोसिएशन के प्रधान रणबीर गिल समैन ने मासूम शर्मा के रवैये पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि एक बुजुर्ग व्यक्ति, जो उनके पिता की उम्र का था, उसे मंच पर ले जाया गया था और फिर इस तरह जलील करना पूरी तरह से गलत है।
रणबीर गिल ने कहा, “कलाकार को अपने गानों तक सीमित रहना चाहिए। मासूम शर्मा ने न केवल सरपंच बल्कि एमएलए और मंत्रियों का भी अपमान किया है। अगर उन्होंने माफी नहीं मांगी तो पंचायतें उनके गानों पर रिपोर्ट करवाएंगी और गांवों में उनके कार्यक्रम नहीं होने देंगी।” एसोसिएशन ने सरकार से गन कल्चर और अभद्र भाषा वाले गानों पर भी रोक लगाने की मांग की है।
इंडस्ट्री में भी दो फाड़, कलाकार बंटे
इस विवाद का असर हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री पर भी साफ दिख रहा है। कलाकार दो गुटों में बंट गए हैं। एक तरफ जहां सीएम के ओएसडी और कलाकार गजेंद्र फोगाट व सिंगर राहुल पुट्ठी ने मासूम शर्मा के बयान की आलोचना की है, वहीं दूसरी ओर सिंगर और राइटर हैरी लाठर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मासूम का समर्थन किया है। इस बीच, मासूम के भाई विकास शर्मा पहले ही इस मामले पर सार्वजनिक रूप से माफी मांग चुके हैं। वहीं, विवाद के केंद्र में रहे पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा ने कहा है कि अब इसका जवाब हरियाणा की सरपंच एसोसिएशन देगी और वह पीछे नहीं हटेंगे।






