Hindi News

अचानक कैसे गुरुग्राम में एल्विश यादव के घर चली गोली, बदमाशों ने दागी 25 राउंड फायरिंग

Written by:Vijay Choudhary
Published:
Last Updated:
How suddenly bullet fired Elvish Yadav house Gurugram miscreants fired 25 rounds
अचानक कैसे गुरुग्राम में एल्विश यादव के घर चली गोली, बदमाशों ने दागी 25 राउंड फायरिंग

सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर के बाहर रविवार सुबह गोलीबारी की वारदात से हड़कंप मच गया। एल्विश यादव उस वक्त घर पर मौजूद नहीं थे, लेकिन उनका पूरा परिवार अंदर सो रहा था। अचानक हुई 25 से 30 राउंड फायरिंग ने इलाके में दहशत फैला दी। मामला गंभीर है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

सुबह-सुबह शांत माहौल में गूंजीं गोलियां

यह वारदात 17 अगस्त 2025 की सुबह लगभग 5:30 बजे हुई। उस वक्त पूरा इलाका शांत था और सभी लोग अपने-अपने घरों में सोए हुए थे। एल्विश यादव के पिता राम अवतार यादव ने बताया कि तीन नकाबपोश बदमाश उनके घर के बाहर आए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि एक व्यक्ति बाइक पर दूर खड़ा था और दो हमलावर घर के गेट के सामने खड़े थे।

गोलीबारी इतनी ज्यादा थी कि आसपास के लोग भी घबरा गए। पुलिस को तुरंत सूचना दी गई और थोड़ी देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई।

एल्विश यादव के परिवार के लिए था खौफनाक पल

घटना के समय एल्विश यादव तो घर पर मौजूद नहीं थे, लेकिन उनके माता-पिता और अन्य परिजन घर में ही थे। राम अवतार यादव ने कहा, “हम सब सो रहे थे। अचानक गोलियों की आवाज आई और सब घबरा गए। यह किसी फिल्मी सीन जैसा लग रहा था।”

परिवार को इस बात की राहत है कि कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन इतनी गोलियों की तड़तड़ाहट ने सबको डरा दिया। घर के बाहर दीवार और गेट पर गोलियों के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं।

अब तक नहीं मिली कोई धमकी या चेतावनी

जब राम अवतार यादव से पूछा गया कि क्या पहले कभी किसी तरह की धमकी या डराने-धमकाने की कोशिश हुई थी, तो उन्होंने साफ कहा कि न एल्विश को और न ही परिवार के किसी सदस्य को किसी तरह की धमकी मिली थी।

उन्होंने बताया, “न कोई कॉल आया, न कोई संदिग्ध व्यक्ति आसपास दिखा। एल्विश ने भी कभी ऐसा कुछ नहीं बताया।” यह मामला इसलिए और भी रहस्यमयी और चिंताजनक बन जाता है, क्योंकि इसका कोई सीधा कारण सामने नहीं आ रहा।

पुलिस की जांच तेज, परिवार ने जताया भरोसा

फायरिंग की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की पहचान की कोशिश की जा रही है। राम अवतार यादव ने कहा कि, “पुलिस और प्रशासन अपना काम अच्छे से कर रहे हैं। हमें उन पर भरोसा है।” पुलिस ने आस-पास के इलाके में नाके बंदी और गश्त बढ़ा दी है, ताकि किसी भी संदिग्ध को पकड़ा जा सके।