हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) 2025 को लेकर बड़ा अपडेट आया सामने! जानिए कब होगी परीक्षा?

हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) 2025 को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। बता दें कि 17 और 18 जनवरी को यह परीक्षा आयोजित कराई जा सकती है। फरवरी में बोर्ड परीक्षाओं के कारण यह परीक्षा आयोजित नहीं हो सकेगी, ऐसे में इसे पहले करवाने की कोशिश की जा रही है।
HTET

हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) 2025, 17 और 18 जनवरी को कराई जा सकती है। बता दें कि यह परीक्षा हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित की जाती है। इसे लेकर बोर्ड की ओर से स्कूल शिक्षा निदेशालय को प्रस्ताव भेजा गया है। बोर्ड चेयरमैन प्रोफेसर डॉ. पवन कुमार ने जानकारी दी है कि परीक्षा आयोजन के लिए बोर्ड पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष HTET की परीक्षा करवाने के लिए न्यायालय की ओर से आदेश हैं, लेकिन साल 2024 में इस परीक्षा में देरी होने के कारण साल 2025 में भी HTET की परीक्षा लेट हो गई है।

दरअसल हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड ने निदेशालय को प्रस्ताव भेजते हुए 17 और 18 जनवरी को HTET कराने की मंजूरी मांगी है। अगर निदेशालय की ओर से इसे लेकर मंजूरी मिलती है, तो इस परीक्षा को लेकर अंतिम तैयारियां भी शुरू कर दी जाएंगी। बता दें कि हरियाणा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं फरवरी महीने में होंगी, ऐसे में इससे पहले HTET की परीक्षा कराई जा सकती है।

साल 2024 की HTET परीक्षा कब आयोजित की गई थी?

जानकारी दे दें कि साल 2024 की HTET परीक्षा 30 और 31 जुलाई को आयोजित की गई थी। इसमें पीजीटी लेवल-3 के लिए 1 लाख 20 हजार 943 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया था, जबकि केवल 1 हजार 559 अभ्यर्थी ही पास हुए थे। टीजीटी लेवल-2 के लिए साल 2024 में 2 लाख 17 हजार उम्मीदवारों ने आवेदन किया था और केवल 1 लाख 67 हजार परीक्षार्थियों ने ही परीक्षा दी थी। लेकिन साल 2025 की HTET परीक्षा अभी तक आयोजित नहीं की गई है। इसे लेकर बोर्ड अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. पवन कुमार का कहना है कि 2024 में स्टेट की परीक्षा में देरी होने से 2025 की HTET भी लेट हुई है।

पिछली एग्जाम का रिजल्ट कैसा रहा था?

बीते साल की HTET परीक्षा पर नजर डालें तो पीआरटी लेवल-1 के लिए 82 हजार 917 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जबकि केवल 66 हजार परीक्षार्थियों ने ही परीक्षा दी थी। जानकारी दे दें कि साल 2024 में HTET की परीक्षा कुल 3 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने दी थी। नियमों पर नजर डालें तो इस परीक्षा में पास होने के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 150 में से 90 अंक प्राप्त करने होते हैं, जबकि एससी वर्ग के उम्मीदवारों को 150 में से 82 अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। हालांकि साल 2024 की HTET परीक्षा का रिजल्ट जारी होने के बाद 3 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों में से केवल 47 हजार अभ्यर्थी ही पास हो पाए थे।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews