रोहतक में MSME For Bharat मंथन कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न, उद्यमियों ने साझा किए विचार

रोहतक में MSME For Bharat मंथन कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न, उद्यमियों ने साझा किए विचार

रोहतक में आयोजित ‘एमएसएमई फॉर भारत मंथन कॉन्क्लेव’ में पैनल डिस्कशन में उद्यमियों ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) के सामने आने वाली चुनौतियों और भविष्य की दिशा पर गहन विचार-विमर्श किया। पैनल में शामिल उद्यमियों ने कहा कि एमएसएमई का भविष्य तकनीक पर आधारित है और लघु उद्योगों को पेटेंट नहीं करवा पाने की समस्या गंभीर है। इस मंच को वे महत्वपूर्ण कदम मानते हैं और उन्होंने अमर उजाला का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में उद्यमियों ने नवाचार और प्रतिस्पर्धा बढ़ाने पर जोर दिया।

ग्रामीण रोजगार और एमडीयू का योगदान

महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि भारत की 65 प्रतिशत जनसंख्या ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है। ऐसे में एमएसएमई ग्रामीण अर्थव्यवस्था में रोजगार बढ़ाने का प्रमुख माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि एमएसएमई के विकास से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत बनेगी। कुलपति ने अमर उजाला को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस कार्यक्रम से उद्यमियों और शिक्षाविदों को एक साझा मंच मिला, जिससे ग्रामीण विकास और उद्योगों के विस्तार पर बेहतर विचार-विमर्श संभव हुआ।

हरियाणा सरकार की पहल और उद्योगिक वातावरण

अपर मुख्य सचिव अमित अग्रवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरियाणा सरकार की ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ पहल पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में राज्य सरकार ने उद्योगों को करोड़ों रुपये के प्रोत्साहन दिए हैं। इसके साथ ही एमएसएमई, स्टार्टअप्स और बड़े उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण बनाने के प्रयास किए गए हैं। अग्रवाल ने जोर देकर कहा कि यह प्रयास देश में मजबूत उद्योगिक इको-सिस्टम बनाने और निवेश को आकर्षित करने में मदद करेगा।

प्रधानमंत्री की सोच और देश का विकास

एमएसएमई डायरेक्ट कपिल मित्तल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच के अनुसार एमएसएमई देश की आर्थिक प्रगति का आधार बन सकते हैं। उन्होंने बताया कि एमएसएमई रोजगार सृजन, नवाचार और समावेशी विकास में अहम भूमिका निभाता है। मुख्य अतिथि राजेश नागर ने कहा कि भारत तेजी से विकासशील से विकसित राष्ट्र की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने हाईवे, एयरपोर्ट और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए कार्यक्रम के लिए अमर उजाला समूह का धन्यवाद किया।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews