सोनीपत में एंटी करप्शन ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी को रंगे हाथ पकड़ा, इस काम के लिए मांग रहा था घूस

सोनीपत में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी अजय राणा दो प्लॉटों के इंतकाल के नाम पर यह रकम मांग रहा था, जिसे शिकायतकर्ता की सूचना पर जाल बिछाकर पकड़ा गया।
sonipat

सोनीपत। भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी मुहिम को तेज करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने सोनीपत में एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया है। आरोपी पटवारी, अजय राणा, को मंगलवार को हैबिटेट क्लब स्थित पटवारखाने से पांच हजार रुपये की घूस लेते हुए गिरफ्तार किया गया।

यह कार्रवाई एक शिकायतकर्ता की सूचना पर की गई जो काफी समय से अपने दो प्लॉटों का इंतकाल दर्ज कराने के लिए सरकारी दफ्तर के चक्कर काट रहा था। पटवारी पर आरोप है कि वह इस काम को पूरा करने के एवज में पैसों की मांग कर रहा था।

इंतकाल के लिए मांगे थे 5 हजार

एसीबी के मुताबिक, कबीरपुर क्षेत्र के एक निवासी ने ब्यूरो से संपर्क किया और बताया कि गांव पुट्ठी का रहने वाला पटवारी अजय राणा उसके दो प्लॉटों के इंतकाल का काम लटकाए हुए है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जब भी वह काम के लिए पटवारी से मिलता, तो उसे टाल दिया जाता था। आखिरकार, पटवारी ने काम को जल्द निपटाने के लिए सीधे पांच हजार रुपये की मांग रख दी।

एसीबी ने जाल बिछाकर पकड़ा

रिश्वत की मांग की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने एक टीम का गठन कर आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई। योजना के तहत, शिकायतकर्ता को केमिकल लगे हुए नोट देकर पटवारी अजय राणा के पास भेजा गया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने हैबिटेट क्लब स्थित पटवारखाने में पटवारी को पांच हजार रुपये दिए, पहले से तैयार एसीबी की टीम ने तुरंत मौके पर छापा मारा।

टीम ने पटवारी को रंगे हाथों पकड़ लिया और रिश्वत की राशि भी मौके से बरामद कर ली। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से जिले के राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है।

Ankita Chourdia
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews