Gwalior: पूर्व महापौर की BJP में घर वापसी, शिवराज-सिंधिया-तोमर ने दिलाई सदस्यता

Gwalior: पूर्व महापौर की BJP में घर वापसी, शिवराज-सिंधिया-तोमर ने दिलाई सदस्यता

ग्वालियर, अतुल सक्सेना

भाजपा (BJP) के तीन दिवसीय सदस्यता ग्रहण समारोह में अभी तक कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे थे लेकिन समारोह के आखिरी दिन आज 24 अगस्त को सबसे बड़ी और सबसे चर्चित सदस्यता हुई। ये हैं पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता (Former mayor review gupta) की घर वापसी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chauhan) ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर (Union Minister Narendra Singh Tomar) और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया (MP Jyotiraditya Scindia) की मौजूदगी में उन्हें भाजपा के परिवार में पुनः शामिल कर लिया।

गौरतलब है कि पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता ने 2018 में ग्वालियर दक्षिण विधानसभा से पार्टी से टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर भाजपा छोड़ दी थी और निर्दलीय चुनाव लड़ा था। हालांकि उस समय भाजपा के कई बड़े नेताओं ने समीक्षा गुप्ता से चुनाव नहीं लड़ने के लिए कहा था लेकिन पूर्व महापौर का कहना था कि एक ही समाज के व्यक्ति को लगातार तीन बार से टिकट देना गलत है दूसरों को भी मौका मिलना चाहिए। इसके बाद समीक्षा ने चुनाव लड़ा जिसके बाद भाजपा के उम्मीदवार पूर्व मंत्री नारायण सिंह कुशवाह चुनाव हार गए थे और कांग्रेस से पहली बार चुनाव लड़े प्रवीण पाठक मात्र 121 वोट से चुनाव जीत गए थे। पिछले कई दिनों से अटकलें लगाई जा रही थी कि समीक्षा गुप्ता जल्दी ही भाजपा में फिर लौटेंगी। उनकी भाजपा के बड़े नेताओं से मुलाकात हो चुकी है। और फिर जब ग्वालियर में संभाग स्तरीय सदस्यता ग्रहण समारोह आयोजित किया गया तो ये तय माना जा रहा था कि इसमें समीक्षा गुप्ता की वापसी निश्चित है। मुख्यमंत्री की ग्वालियर में मौजूदगी ने ये राह आसान कर दी हालांकि पार्टी के कुछ नेता विरोध कर रहे थे उसके बाद भी मुख्यमंत्री ने रविवार रात को समीक्षा गुप्ता को मिलने वीआईपी सर्किट हाउस मुरार बुलाया उनके साथ उनके पति राजीव गुप्ता भी थे। उनकी मुख्यमंत्री से मुलाकात हुई और बंद कमरे में बातचीत हुई। पार्टी से जुड़े लोग बताते हैं कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से चर्चा के बाद पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता की वापसी के लिए केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी सहमति जताई जिसके बाद उनकी घर वापसी की राह आसान हो गई। रात को समीक्षा गुप्ता के घर संदेश पहुंचा कि मुख्यमंत्री ने सोमवार सुबह पौने 10 बजे मिलने के लिए बुलाया है । निमंत्रण मिलने के बाद समीक्षा गुप्ता अपने पति राजीव गुप्ता के साथ मुरार वी आई पी सर्किट हाउस पहुँच गए जहाँ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में उन्हें भाजपा परिवार में शामिल कर लिया। इस मौके पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल भी मौजूद थे।

भाजपा में पुनः वापसी के बाद सबसे पहले एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ से बात करते हुए समीक्षा गुप्ता ने कहा कि घर वापसी से खुश हूँ, जो बीत गई सो बात गई। अब आगे पार्टी जो आदेश देगी, जहाँ भेजेगी काम करेंगे, सबसे पहला लक्ष्य उपचुनाव है। बहरहाल समीक्षा गुप्ता के पार्टी में वापस आने के बाद माना जा रहा है कि पार्टी की ताकत और बढ़ेगी।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews