सियासी हलचल के बीच नये PCC चीफ को लेकर कमलनाथ का बड़ा बयान

सियासी हलचल के बीच नये PCC चीफ को लेकर कमलनाथ का बड़ा बयान

अतुल सक्सेना/ग्वालियर। मुख्यमंत्री कमलनाथ सिंह शनिवार शाम बहुत थोड़े समय के लिए ग्वालियर आए लेकिन अपने कुछ मिनट के दौरे में वे सियासी हलचल और तेज़ कर गए हैं। चलते चलते हुई पत्रकारों के साथ चर्चा में कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश को भी जल्दी ही पीसीसी चीफ मिल जाएगा। सोनिया गांधी नाम तय कर लेंगी। खास बात ये है कि कमलनाथ का ये बयान उस समय आया है जब सिंधिया पार्टी से नाराज़ चल रहे हैं और शनिवार को वे दिल्ली में समन्वय समिति की बैठक के बीच से उठकर चले गये।

दिल्ली में कांग्रेस समन्वय समिति की बैठक में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ दिल्ली से विशेष विमान से ग्वालियर पहुंचे। वे एयरपोर्ट से सीधे विधायक मुन्ना लाल गोयल के परिवार की शादी में शामिल होने बालाजी गार्डन पहुंचे। यहाँ उन्होंने वर-वधू को आशीर्वाद दिया और चले गए। इसी बीच मीडिया ने उनसे कड़ी सुरक्षा के बीच बहुत मुश्किल से बात की। चलते चलते हुई इस बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं अपने साथी विधायक मुन्ना लाल जी के यहाँ शादी में आया था, बहुत कठिन था समय निकालना लेकिन प्यार से बुलाया था तो आना ही था। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने दिल्ली में हुई समन्वय समिति की बैठक के बारे में बताते हुए कहा कि बैठक में
पंचायत चुनाव, नगरीय निकाय चुनाव और संगठन में परिवर्तन पर चर्चा हुई है, जिसके रिजल्ट जल्द देखने को मिलेंगे।

सोनिया गांधी तय करेंगी पीसीसी चीफ का नाम, जल्दी होगी घोषणा

पत्रकारों ने जब मुख्यमंत्री से पूछा कि भाजपा ने अपना नया प्रदेश अध्यक्ष घोषित कर दिया है, कांग्रेस कब पीसीसी चीफ घोषित करेगी?  सवाल सुनने के बाद कमलनाथ ने कहा कि हमारी अध्यक्ष सोनिया गांधी ये नाम तय करेंगीं और जल्द ही इसकी घोषणा होगी। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के इस बयान के कई मायने हैं। ये उस समय आया है जब कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया नाराज चल रहे हैं। सरकार के प्रति चल रही अपनी नाराजगी का इजहार सिंधिया ने उस समय कर दिया जब वे दिल्ली में हो रही समन्वय समिति की बैठक को बीच में छोड़कर चले गए।

बहरहाल सिंधिया का समन्वय समिति की बैठक को छोड़कर जाना और उसके बाद दिग्विजय सहित अन्य लोगों का बैठक जारी रखना और उसमें संगठन में परिवर्तन पर चर्चा ने सियासी हलचल तेज कर दी है। राजनीतिक पंडित कमलनाथ की बातों में वो कयास ढूंढ रहे हैं जो उन्होंने इस बैठक के पहले सोनिया गांधी से मुलाकात के दौरान की होंगी। माना ये भी जा रहा है कि इस बैठक में सिंधिया को लेकर भी कमलनाथ ने सोनिया गांधी से बात की है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews