शिमला रिज पर अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि, सीएम सुक्खू ने किया उनके योगदान को याद

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
शिमला रिज पर अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि, सीएम सुक्खू ने किया उनके योगदान को याद

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम ने वाजपेयी को पुष्पांजलि देने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अटल जी सौम्य स्वभाव के, सरल व्यक्तित्व वाले और उत्कृष्ट वक्ता थे। उन्होंने कहा कि विचारधारा भले ही अलग रही हो, लेकिन राष्ट्रीय हितों के प्रश्न पर वाजपेयी हमेशा एकजुटता का प्रतीक बने रहे। सुक्खू ने याद दिलाया कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नेतृत्व वाली सरकार ने भी उन्हें संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए भेजा था, जो लोकतांत्रिक परिपक्वता और आपसी सम्मान का प्रमाण था।

शिमला रिज पर अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री ने कहा कि वाजपेयी अपने विचारों की स्पष्टता और सौम्यता के लिए विशेष पहचान रखते थे। हिमाचल प्रदेश से उनका गहरा लगाव रहा, क्योंकि कुल्लू जिले के प्रीणी में उनका घर था और वे अक्सर हिमाचल की वादियों में समय बिताने आते थे। सुक्खू ने कहा कि वाजपेयी का हिमाचल के साथ यह रिश्ता उनके सहज और सरल स्वभाव को दर्शाता है।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ विधायक हरीश जनारथा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, उप महापौर उमा कौशल, नगर निगम पार्षद, उपायुक्त अनुपम कश्यप और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे। सभी ने वाजपेयी के योगदान और व्यक्तित्व को याद करते हुए उन्हें नमन किया।

वहीं, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी और कहा कि अटल जी ने मूल्यों की राजनीति की और उन्हें एक उदार नेता के रूप में हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अन्य दलों के नेता भी उनका सम्मान करते थे और यही उनकी सबसे बड़ी विशेषता थी। उन्होंने जो राजनीति की, वह सदैव दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर रही। अग्निहोत्री ने कहा कि पूरा देश आज अटल बिहारी वाजपेयी को याद कर रहा है और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर हम सभी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews