कैग रिपोर्ट पर विपक्ष का हमला, भाजपा ने कांग्रेस पर गाली की राजनीति का लगाया आरोप

हिमाचल प्रदेश विधानसभा में नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि 2023-24 की कैग रिपोर्ट ने कांग्रेस सरकार की असलियत उजागर कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र से मिले बजट का सदुपयोग न होना प्रदेश के लोगों के साथ नाइंसाफी है।
कैग रिपोर्ट पर विपक्ष का हमला, भाजपा ने कांग्रेस पर गाली की राजनीति का लगाया आरोप

हिमाचल प्रदेश विधानसभा में नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि 2023-24 की कैग रिपोर्ट ने कांग्रेस सरकार की असलियत उजागर कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र से मिले बजट का सदुपयोग न होना प्रदेश के लोगों के साथ नाइंसाफी है। रिपोर्ट से स्पष्ट हुआ है कि 1024 करोड़ रुपये राज्य सरकार के अलग-अलग खातों में पड़े रहे लेकिन उनका उपयोग नहीं किया गया। ठाकुर ने कहा कि हमने पहले ही कहा था कि सरकार विजनहीन है और अब यह बात साबित हो गई है।

कैग रिपोर्ट पर विपक्ष का हमला

जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि वे दावा करते हैं कि सबसे ज्यादा पढ़कर वही बजट पेश करते हैं, लेकिन कैग रिपोर्ट बताती है कि प्रस्तुत किया गया अनुपूरक बजट भी खर्च नहीं हुआ। रिपोर्ट में दर्ज है कि मुख्यमंत्री ने 14 मामलों के लिए 711 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट रखा, जबकि उन्हीं मामलों का मूल बजट खर्च ही नहीं हुआ था। विपक्ष के मुताबिक 40 परियोजनाओं पर आवंटित बजट का एक रुपया भी खर्च नहीं हुआ। इसके अलावा 2795 करोड़ रुपये की राशि का उपयोगिता प्रमाणपत्र तक सरकार ने जमा नहीं किया। ठाकुर ने मणिमहेश हादसे को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि सोशल मीडिया पर आ रहे प्रत्यक्षदर्शियों के आंकड़े आधिकारिक जानकारी से कहीं अधिक हैं, जिस पर सरकार ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया है।

वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस पर राष्ट्रीय स्तर पर कुंठा और बौखलाहट में राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्थिति यह हो गई है कि अब वह संवैधानिक संस्थाओं को गाली देने पर उतर आई है। बिंदल ने कहा कि राहुल गांधी जब अपनी पार्टी की सरकार बनने पर चुनाव आयोग की तारीफ करते हैं, तो वही आयोग किसी दूसरी पार्टी की सरकार बनने पर उनके लिए निकम्मा हो जाता है। यह कांग्रेस की दोहरी मानसिकता और हताशा को दिखाता है।

बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस घुसपैठियों को वोटर सूची में शामिल कर देशविरोधी सोच को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में कांग्रेस इसी रणनीति पर काम कर रही है। भाजपा अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके परिवार के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और कहा कि यह देश की जनता का अपमान है। बिंदल ने विश्वास जताया कि जनता इस गाली की राजनीति के लिए कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी और आने वाले चुनावों में उसे सबक सिखाएगी।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews