हिमाचल के CM सुक्खू का पंजाब सरकार पर पलटवार, कहा- हमारी वित्तीय स्थिति बेहतर, OPS लागू की, भाजपा पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पंजाब के वित्त मंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि हिमाचल की वित्तीय स्थिति पंजाब से बेहतर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पहली कैबिनेट में ही OPS लागू की, जबकि पंजाब में AAP सरकार अब तक इसे लागू नहीं कर पाई है। सुक्खू ने पूर्व भाजपा सरकार पर भी जनता का पैसा बर्बाद करने का आरोप लगाया।
Sukhwinder Singh Sukhu

शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पंजाब के वित्त मंत्री के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कहा है कि हिमाचल की वित्तीय स्थिति पंजाब से कहीं बेहतर है। उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में चुनाव सिर पर हैं, लेकिन वहां सरकारी कर्मचारियों को अब तक पुरानी पेंशन योजना (OPS) का लाभ नहीं दिया गया, जबकि हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने पहली ही कैबिनेट बैठक में इसे लागू कर दिया था।

मुख्यमंत्री ने हालिया राजनीतिक संकट का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य पहले प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा था और उसके तुरंत बाद एक राजनीतिक आपदा आ गई। उन्होंने कुटलैहड़ की जनता को संबोधित करते हुए कहा, “आपके और देवी-देवताओं के आशीर्वाद से कांग्रेस के विधायकों की संख्या फिर से 40 हो गई है।”

भाजपा पर जनता का पैसा लुटाने का आरोप

मुख्यमंत्री सुक्खू ने पूर्व की भाजपा सरकार पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने केवल चुनाव जीतने के लिए जनता के पैसे को पानी की तरह बहाया।

“अपने मित्रों की झोली भरने के लिए पूर्व भाजपा सरकार ने एक हजार करोड़ रुपये के भवन बना दिए, जो आज खाली पड़े हैं। भाजपा हिमाचल विरोधी है। हम सीबीएसई स्कूल खोल रहे हैं तो भाजपा उसका भी विरोध कर रही है।”- सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुख्यमंत्री

उन्होंने आश्वासन दिया कि इन नए सीबीएसई स्कूलों में बेहतर शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए अगले दो महीनों के भीतर सभी आवश्यक अध्यापकों की नियुक्ति कर दी जाएगी।

कुटलैहड़ को करोड़ों की सौगातें

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बंगाणा में डीएसपी कार्यालय और सब जज कोर्ट खोलने की घोषणा की। उन्होंने 14.92 करोड़ रुपये की लागत वाली तुरकाल-पंगा पेयजल योजना का शिलान्यास भी किया। इसके अलावा, रायंसरी और लठियाणी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) खोलने की भी घोषणा की गई। सुक्खू ने कहा कि सरकार प्रदेश के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है और अगले वित्त वर्ष से आधुनिक तकनीक से पानी को साफ करने पर 2000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

हम पहाड़ी किसी से नहीं डरते: अग्निहोत्री

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी पंजाब सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने पंजाब के वित्त मंत्री को अपना घर संभालने की नसीहत देते हुए कहा कि पंजाब पर कर्ज बढ़कर 4.50 लाख करोड़ रुपये हो गया है।

अग्निहोत्री ने कहा, “सुप्रीम कोर्ट ने बीबीएमबी को 4500 करोड़ रुपये हिमाचल को देने के निर्देश दिए, लेकिन पंजाब ने अभी तक पैसा नहीं दिया। यही नहीं, शानन परियोजना पर भी पंजाब ने कब्जा किया हुआ है और चंडीगढ़ में हमारा 7.16 प्रतिशत हिस्सा है। हम पहाड़ी किसी से नहीं डरते।” उन्होंने कुटलैहड़ में भाजपा की आंतरिक कलह पर तंज कसते हुए कहा कि यहां एक वीरेंद्र कंवर की बीजेपी है और दूसरी भुट्टो बीजेपी।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews