Hindi News

हिमाचल के सभी कॉलेज 30 नवंबर तक होंगे तंबाकू मुक्त, सरकार ने जारी किए सख्त आदेश

Written by:Neha Sharma
Published:
Last Updated:
हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के सभी कॉलेजों को पूरी तरह तंबाकू मुक्त बनाने का अभियान शुरू किया है। सरकार ने सभी कॉलेज प्रिंसिपलों को निर्देश दिए हैं कि 30 नवंबर 2025 तक तंबाकू मुक्त प्रमाणन प्राप्त करना अनिवार्य है।
हिमाचल के सभी कॉलेज 30 नवंबर तक होंगे तंबाकू मुक्त, सरकार ने जारी किए सख्त आदेश

हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के सभी कॉलेजों को पूरी तरह तंबाकू मुक्त बनाने का अभियान शुरू किया है। सरकार ने सभी कॉलेज प्रिंसिपलों को निर्देश दिए हैं कि 30 नवंबर 2025 तक तंबाकू मुक्त प्रमाणन (Tobacco-Free Certification) प्राप्त करना अनिवार्य है। यह अभियान राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत चल रहे ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0’ का हिस्सा है, जो पूरे राज्य में 8 दिसंबर 2025 तक संचालित किया जाएगा। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को निकोटीन और तंबाकू की लत से बचाना और कॉलेज परिसरों को पूर्णतः स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण में बदलना है।

भारत सरकार की गाइडलाइन पर आधारित पहल

भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने वर्ष 2019 में तंबाकू मुक्त परिसर के दिशा-निर्देश जारी किए थे। इसके तहत सभी शैक्षणिक संस्थानों में तंबाकू उत्पादों की बिक्री, सेवन और विज्ञापन पर प्रतिबंध लगाया गया था। इसके अलावा, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) 2003 और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट 2015 के प्रावधानों का पालन अनिवार्य किया गया था। हिमाचल सरकार ने इन दिशा-निर्देशों को 20 जुलाई 2020 को अधिसूचित कर लागू किया था। अब सरकार ने इन नियमों को सख्ती से लागू करने का फैसला किया है ताकि हर कॉलेज “तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान” के रूप में प्रमाणित हो सके।

नौ बिंदुओं पर होगा मूल्यांकन

राज्य के कॉलेजों को नौ मानक बिंदुओं पर मूल्यांकन के बाद ही तंबाकू मुक्त प्रमाणन दिया जाएगा। इनमें प्रमुख हैं—कॉलेज परिसर में तंबाकू मुक्त बोर्ड लगाना, निरीक्षक का नाम और संपर्क जानकारी प्रदर्शित करना, और परिसर में कहीं भी बीड़ी, सिगरेट या गुटखा पाउच न मिलना सुनिश्चित करना। कॉलेज की दीवारों, कक्षाओं और पुस्तकालयों में तंबाकू के दुष्प्रभावों से जुड़े पोस्टर और चार्ट लगाए जाएंगे। कॉलेज प्रशासन को जीरो टॉलरेंस नीति अपनानी होगी।

हर तिमाही एंटी-तंबाकू गतिविधियां अनिवार्य

प्रत्येक कॉलेज को हर तीन महीने में एक एंटी-तंबाकू कार्यक्रम आयोजित करना होगा—जैसे शपथ ग्रहण समारोह, पोस्टर प्रतियोगिता, रैली या नुक्कड़ नाटक। सभी छात्र भारत सरकार के पोर्टल पर एंटी-टबेको और नशा मुक्त भारत अभियान की शपथ लेंगे। कॉलेज के कुछ शिक्षक या कर्मचारी तंबाकू निरीक्षक के रूप में नियुक्त किए जाएंगे, जो अनुपालन की निगरानी और रिपोर्टिंग करेंगे।

कॉलेज परिसर के बाहर भी होगी सख्ती

कॉलेज की चारदीवारी से 100 गज की परिधि को भी तंबाकू मुक्त क्षेत्र घोषित किया जाएगा। इसके लिए लाल या पीली रेखा खींची जाएगी और बोर्ड लगाए जाएंगे। इस क्षेत्र में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित होगी। कॉलेज प्रशासन को इस नियम के पालन के लिए स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और नगर निकायों के साथ समन्वय करना होगा। सरकार को उम्मीद है कि यह अभियान हिमाचल के युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देगा और राज्य को देश के ‘तंबाकू मुक्त शिक्षा मॉडल’ के रूप में स्थापित करेगा।