Hindi News

हिमाचल में आपदा का कहर, सीएम सुक्खू ने किया हवाई सर्वेक्षण, भाजपा का सरकार पर लापरवाही का आरोप

Written by:Neha Sharma
Published:
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को कांगड़ा जिले के फतेहपुर और इंदौरा समेत चंबा जिले के भरमौर और मणिमहेश जैसे आपदा प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया।
हिमाचल में आपदा का कहर, सीएम सुक्खू ने किया हवाई सर्वेक्षण, भाजपा का सरकार पर लापरवाही का आरोप

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को कांगड़ा जिले के फतेहपुर और इंदौरा समेत चंबा जिले के भरमौर और मणिमहेश जैसे आपदा प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और प्रभावित परिवारों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। चंबा दौरे के दौरान सीएम प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे और हालात की समीक्षा करेंगे। सीएम ने अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने और हर संभव मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीएम सुक्खू ने किया हवाई सर्वेक्षण

इससे पहले मुख्यमंत्री सुबह दिल्ली से पठानकोट पहुंचे, जहां उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा और पुलिस अधीक्षक अशोक रतन ने उन्हें भारी बारिश और पौंग डैम से छोड़े गए पानी के चलते बनी बाढ़ जैसी स्थिति की विस्तृत जानकारी दी। एनडीआरएफ की टीमें स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। सीएम ने चंबा में मणिमहेश और भरमौर के प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण भी किया, हालांकि खराब मौसम के कारण उनका चॉपर भरमौर में उतर नहीं पाया।

चंबा में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री सुक्खू ने मणिमहेश यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौतों की खबरों को अफवाह बताया और इसके लिए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को फिलहाल मौसम की स्थिति के अनुसार पैदल पुलिस बल की निगरानी में भेजा जा रहा है और जैसे ही मौसम साफ होगा, उन्हें चॉपर के जरिए निकाला जाएगा। सीएम ने जनता से अपील की कि वे सोशल मीडिया की अफवाहों पर ध्यान न देकर सरकार के निर्देशों का पालन करें।

वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मणिमहेश यात्रा में हजारों यात्री फंसे हुए हैं, लेकिन सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री दिल्ली और पटना से ऑनलाइन बैठकें कर रहे हैं, जबकि प्रदेश की जनता आपदा से जूझ रही है। बिंदल ने सिरमौर जिले की स्थिति पर भी चिंता जताई और बताया कि यहां 100 से अधिक सड़कें व पेयजल योजनाएं बंद हैं, 50 से ज्यादा घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं और कई गांवों में जमीन धंस रही है। उन्होंने मांग की कि चंबा और सिरमौर प्रशासन तुरंत राहत कार्य तेज करे और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित ठिकानों पर बसाया जाए।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Neha Sharma
लेखक के बारे में
A Passionate Digital News writer with deep expertise. Doing Sharp analysis with engaging storytelling. View all posts by Neha Sharma
Follow Us :GoogleNews