हिमाचल प्रदेश पंचायत चुनाव 2026 के दूसरे चरण में कुल 79 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जिसमें महिला मतदाताओं ने पुरुषों की तुलना में अधिक उत्साह दिखाया। दरअसल राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, बुधवार को संपन्न हुए दूसरे चरण के इस मतदान में कुल 13 लाख 13 हजार 158 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान दोपहर 3 बजे तक चला और इस दौरान प्रदेशभर में शांतिपूर्ण माहौल बना रहा।
दरअसल महिला मतदाताओं ने एक बार फिर लोकतंत्र के प्रति अपनी गहरी आस्था और भागीदारी का प्रदर्शन करते हुए पुरुषों को पीछे छोड़ दिया। दूसरे चरण में महिला मतदान प्रतिशत 82.37 फीसदी दर्ज किया गया, जबकि पुरुष मतदान 76.12 फीसदी रहा। इस अंतर का एक प्रमुख कारण हिमाचल प्रदेश की सामाजिक-आर्थिक संरचना भी है, जहाँ पुरुषों की तुलना में अधिक महिलाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होती हैं, जबकि कई पुरुष रोजगार के लिए बाहरी राज्यों में प्रवास कर जाते हैं।
प्रदेश की 1,276 पंचायतों में मतगणना का कार्य आरंभ हो गया
वहीं मतदान समाप्त होते ही प्रदेश की 1,276 पंचायतों में मतगणना का कार्य आरंभ हो गया। प्रधान और उप प्रधान पदों के लिए 17 लाख 30 हजार से अधिक मतदाताओं ने अपने प्रतिनिधियों का चुनाव किया। अब 8 हजार 918 पंचायत वार्ड सदस्य, उपप्रधान और प्रधान पदों के चुनाव परिणाम धीरे-धीरे सामने आने लगे हैं। कई पंचायतों के नतीजे घोषित हो चुके हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर राजनीतिक तस्वीर साफ होने लगी है। हालांकि, पंचायत समिति और जिला परिषद के लिए डाले गए मतों की गिनती 31 मई को की जाएगी, जिसके बाद इन महत्वपूर्ण निकायों के परिणाम भी सार्वजनिक होंगे।
कुल्लू ने सर्वाधिक उत्साह दिखाते हुए 85.52 फीसदी मतदान दर्ज किया
जिलावार मतदान प्रतिशत पर गौर करें तो, जिला कुल्लू ने सर्वाधिक उत्साह दिखाते हुए 85.52 फीसदी मतदान दर्ज किया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं, लाहौल-स्पीति जिले में सबसे कम 69.38 फीसदी मतदान हुआ। सिरमौर जिले के मतदाताओं ने भी लोकतंत्र के पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और 85.16 फीसदी मतदान दर्ज कराया। अन्य जिलों का मतदान प्रतिशत इस प्रकार रहा: बिलासपुर में 78.02 प्रतिशत, चंबा में 77.72 प्रतिशत, हमीरपुर में 74.94 प्रतिशत, कांगड़ा में 75.61 प्रतिशत, किन्नौर में 76.03 प्रतिशत, मंडी में 80.38 प्रतिशत, शिमला में 79.93 प्रतिशत, सोलन में 83.62 प्रतिशत और ऊना में 79.73 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। पंचायत चुनाव के इस दूसरे चरण में प्रदेश भर में छुटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ, और अब सभी की निगाहें शेष मतगणना और अंतिम परिणामों पर टिकी हुई हैं।






