हिमाचल में 15 जून को होगा पंचायत प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह, मुख्यमंत्री सुक्खू समेत मंत्री दिलाएंगे शपथ

हिमाचल प्रदेश में नव-निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के लिए बड़ी खबर है। दरअसल 15 जून 2026 को जिला स्तर पर शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होंगे, जिसमें मुख्यमंत्री और मंत्री शपथ दिलाएंगे।
हिमाचल में 15 जून को होगा पंचायत प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह, मुख्यमंत्री सुक्खू समेत मंत्री दिलाएंगे शपथ

हिमाचल प्रदेश के नव-निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल राज्य सरकार के पंचायती राज विभाग ने ग्राम पंचायत प्रधानों और उप-प्रधानों के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी कर दी है। जारी आदेशों के अनुसार, 15 जून 2026 को राज्य के विभिन्न जिलों में जिला स्तरीय भव्य समारोह आयोजित किए जाएंगे, जिनमें नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।

दरअसल राज्यपाल की ओर से जारी अधिसूचना में विभिन्न जिलों के लिए मंत्रियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण करवाने के लिए अधिकृत किया गया है। सरकार ने स्थानीय प्रशासन को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

CM सुक्खू दिलाएंगे शपथ

अधिसूचना के अनुसार, कांगड़ा जिले में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू स्वयं नव-निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को शपथ दिलाएंगे। चंबा जिले में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया शपथ ग्रहण करवाएंगे। वहीं ऊना जिले में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। सोलन जिले में स्वास्थ्य एवं श्रम मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल समारोह की अध्यक्षता करेंगे। कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों के लिए कुल्लू में कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार शपथ दिलाएंगे। सिरमौर जिले में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान को यह जिम्मेदारी दी गई है।

मंत्री जगत सिंह नेगी नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों को शपथ ग्रहण करवाएंगे

वहीं किन्नौर जिले में राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों को शपथ ग्रहण करवाएंगे। शिमला जिले में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर कार्यक्रम का संचालन करेंगे। मंडी जिले में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह को अधिकृत किया गया है। बिलासपुर जिले में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी और हमीरपुर जिले में आयुष एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

सरकार की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि सभी नव-निर्वाचित प्रधान और उप-प्रधानों के लिए जिला स्तरीय समारोह में शामिल होकर शपथ लेना अनिवार्य होगा। शपथ ग्रहण के बाद पंचायत प्रतिनिधि औपचारिक रूप से अपने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन शुरू कर सकेंगे और अपने-अपने क्षेत्रों के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

हाल ही में संपन्न पंचायत चुनावों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को कई जिलों में बड़ी सफलता मिली है। वहीं विपक्षी भाजपा को अपेक्षित प्रदर्शन नहीं मिल पाया। हालांकि चुनाव प्रक्रिया के दौरान कुछ स्थानों पर गड़बड़ियों को लेकर शिकायतें भी सामने आई थीं, लेकिन चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए और अब राज्य सरकार शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों में जुट गई है।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews