Hindi News

CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 1253 ट्रेनी पुलिस कॉन्स्टेबल को दिए जॉइनिंग लेटर, 2 महीने में और भर्ती का किया ऐलान

Written by:Banshika Sharma
Published:
हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पुलिस ट्रेनिंग सेंटर डरोह कांगड़ा में रोजगार संकल्प मेले का शुभारंभ करते हुए 1253 ट्रेनी कॉन्स्टेबल को नियुक्ति पत्र सौंपे। सीएम ने अगले दो महीनों में 800 अतिरिक्त पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती का ऐलान किया और नव-नियुक्त जवानों को चिट्टा सेवन न करने की शपथ दिलाई।
CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 1253 ट्रेनी पुलिस कॉन्स्टेबल को दिए जॉइनिंग लेटर, 2 महीने में और भर्ती का किया ऐलान

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पुलिस ट्रेनिंग सेंटर डरोह कांगड़ा में आयोजित रोजगार संकल्प मेले में 1253 ट्रेनी पुलिस कॉन्स्टेबल को जॉइनिंग लेटर सौंपे। इस दौरान सीएम ने युवाओं को समर्पित भाव से सेवा करने और नशे के खिलाफ सख्ती से काम करने का आह्वान किया।

नव-नियुक्त जवानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये कांस्टेबल प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुई भर्ती प्रक्रियाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय पेपर लीक जैसी घटनाओं के चलते भर्ती रद्द करनी पड़ी थी, जिससे युवाओं में व्यापक असंतोष था।

निष्पक्ष भर्ती के लिए लोक सेवा आयोग को सौंपी गई जिम्मेदारी

सीएम सुक्खू ने बताया कि वर्तमान सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग की बजाय हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से परीक्षा करवाई। इससे भर्ती में निष्पक्षता बनी रही और युवाओं को उचित अवसर मिला।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले दो महीनों में 800 और पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती की जाएगी, जिससे प्रदेश की पुलिस व्यवस्था और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि नव-नियुक्त कांस्टेबल केवल नौकरी नहीं बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

पूर्व सैनिकों को विशेष सम्मान की घोषणा

सीएम ने पुलिस बल में शामिल पूर्व सैनिकों के लिए विशेष घोषणा करते हुए कहा कि इस वर्ष से 10 वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद उन्हें मानद हेड कांस्टेबल और 15 वर्ष की सेवा के बाद मानद सहायक उप निरीक्षक का पद दिया जाएगा।

कांस्टेबल से हेड कांस्टेबल पदोन्नति के लिए बी-1 परीक्षा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि हाईकोर्ट ने इस पर अंतरिम रोक लगाई है, लेकिन सरकार अपना पक्ष मजबूती से रखेगी।

चिट्टा मामलों में 12 पुलिसकर्मियों को किया बर्खास्त

मुख्यमंत्री ने बताया कि चिट्टा से जुड़े मामलों में 12 पुलिस कर्मियों को अब तक बर्खास्त किया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अन्य विभागों के कर्मचारियों की संलिप्तता पाए जाने पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नव-नियुक्त जवानों को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई।

अंब में 16 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण

पीटीसी डरोह के कार्यक्रम के बाद सीएम सुक्खू ऊना जिले के अंब पहुंचे, जहां उन्होंने 16.26 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र की सड़क एवं पुल अधोसंरचना मजबूत होगी, जिससे आवागमन सुगम होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने अंब स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में जन समस्याएं सुनीं और अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया। स्थानीय विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने क्षेत्र में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

शिमला के कैंथू में राज्य सहकारी बैंक की नई शाखा का उद्घाटन करते हुए सीएम ने कहा कि राज्य में सहकारी बैंकिंग नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। सहकारी बैंक हिमाचल के किसानों, छोटे व्यापारियों, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को सहायता प्रदान करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री आज बिलासपुर जिले के घुमारवी जाएंगे, जहां वे 69वीं अंडर-19 राष्ट्रीय स्कूल खेलकूद हैंडबॉल चैम्पियनशिप के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके बाद वे घुमारवी में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे तथा एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Banshika Sharma
लेखक के बारे में
मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma
Follow Us :GoogleNews