घाटी में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों को बुधवार को एक और बड़ी सफलता मिली। किश्तवाड़ जिले में चलाए गए एक संयुक्त अभियान के दौरान जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के एक कुख्यात आतंकवादी को ढेर कर दिया गया। इस ऑपरेशन के बाद पूरे किश्तवाड़ में अलर्ट जारी करते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को खुफिया सूचना मिली थी कि किश्तवाड़ के छात्रु की ओर जाने वाले इलाके में 2 से 3 आतंकी छिपे हुए हैं। इसी सूचना के आधार पर CIF डेल्टा, व्हाइट नाइट कॉर्प्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF की संयुक्त टीमों ने ‘ऑपरेशन ट्रैशी-I’ लॉन्च किया।
घने जंगलों में जारी है तलाशी अभियान
सुरक्षाबलों ने जब इलाके की घेराबंदी की तो आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी मारा गया। इलाके में रुक-रुक कर फायरिंग की खबरें आती रहीं। मारे गए आतंकी का शव बरामद करने की प्रक्रिया जारी है। यह ऑपरेशन बेहद मुश्किल और घने जंगली इलाके में चलाया जा रहा है, जहां अन्य भागे हुए आतंकियों की तलाश अभी भी जारी है।
यह कार्रवाई किश्तवाड़ के डिछार इलाके में शाम करीब 5:45 बजे शुरू की गई थी। सुरक्षाबल पीर पंजाल की पहाड़ियों के दोनों ओर आतंकियों को खदेड़ने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं।
हाल की अन्य घटनाएं
इससे ठीक पहले, जम्मू के उधमपुर जिले के बसंतगढ़ इलाके में भी सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के एक टॉप कमांडर समेत दो आतंकवादियों को मार गिराया था। वहीं, इसी साल 18 जनवरी को सोन नार इलाके में हुई एक मुठभेड़ में सेना का एक जवान शहीद हो गया था।
गौरतलब है कि इन क्षेत्रों में, विशेषकर जम्मू सेक्टर में एलओसी और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी ड्रोन की घुसपैठ की कोशिशें भी लगातार सामने आती रही हैं, जिसे लेकर सुरक्षाबल पूरी तरह से मुस्तैद हैं।





