Hindi News

‘द केरल स्टोरी 2’ को एक्ट्रेस सादिया खतीब ने बताया प्रोपेगेंडा, कहा- ‘एक खास धर्म को निशाना बनाकर नफरत फैलाई जा रही है’

Written by:Rishabh Namdev
Published:
फिल्म 'रक्षाबंधन' से चर्चा में आईं एक्ट्रेस सादिया खतीब ने 'द केरल स्टोरी 2' के मेकर्स पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म को एक धर्म विशेष के खिलाफ नफरत फैलाने वाला और प्रोपेगेंडा करार दिया है, साथ ही फिल्म बनाने वालों को अपनी जिम्मेदारी समझने की नसीहत दी है।
‘द केरल स्टोरी 2’ को एक्ट्रेस सादिया खतीब ने बताया प्रोपेगेंडा, कहा- ‘एक खास धर्म को निशाना बनाकर नफरत फैलाई जा रही है’

बॉलीवुड में आने वाली फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ का टीजर रिलीज होते ही यह विवादों में घिर गई है। अक्षय कुमार की फिल्म ‘रक्षाबंधन’ में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस सादिया खतीब ने फिल्म के कंटेंट पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे एक समुदाय विशेष को बदनाम करने वाला प्रोपेगेंडा बताया है और कहा है कि सिनेमा के नाम पर नफरत परोसी जा रही है।

सादिया ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए इस फिल्म पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उनका मानना है कि इस तरह की फिल्में समाज को बांटने का काम करती हैं और एक खास धर्म को जानबूझकर निशाना बनाती हैं।

‘एक भारतीय और मुसलमान होने के नाते अपमानित महसूस कर रही हूं’

सादिया खतीब ने अपने पोस्ट में बेहद सख्त शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने लिखा कि इस तरह के सिनेमा को देखकर वह काफी परेशान और अपमानित महसूस कर रही हैं।

“एक मुसलमान और उससे कहीं ज्यादा एक भारतीय होने के नाते मैं ये देखते हुए बहुत डिस्टर्ब्ड और अपमानित महसूस कर रही हूं। ये मुझे बहुत दुखी करता है, इसलिए नहीं कि हम देख नहीं रहे हैं कि क्‍या हो रहा है – बल्‍क‍ि इसलिए कि हम सब इसे खामोशी से स्‍वीकार कर रहे हैं।” — सादिया खतीब

उन्होंने आगे कहा, “प्रोपेगेंडा पर प्रोपेगेंडा, नफरत और डराना, ये सब बड़ी सावधानी से ‘सिनेमा’ और ‘जागरूकता’ के नाम पर लपेटकर परोसा जा रहा है।”

नफरत बिकती है, लेकिन कब तक?

सादिया ने सवाल उठाया कि जब एक पूरे समुदाय को बार-बार फिल्मों में आतंकवादी या खलनायक के रूप में चित्रित किया जाता है, तो उस समुदाय के लोगों पर इसका क्या असर पड़ता है। उन्होंने इसे एक सिस्टेमेटिक तरीके से फैलाई जा रही नफरत बताया।

एक्ट्रेस ने लिखा, “नफरत बिकती है। प्रोपेगेंडा, सच्चाई से ज्यादा तेजी से फैलता है। लेकिन कितना! क्या इसका कोई अंत है।” उन्होंने इसे सिनेमा नहीं, बल्कि कंडीशनिंग करार दिया क्योंकि यह एक ट्रेंड बन चुका है। सादिया का मानना है कि देश में मुसलमानों के खिलाफ नफरत की एक आंधी चल रही है जो सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं, बल्कि स्कूल, दफ्तर और सड़कों पर भी दिखाई देती है।

पहली फिल्म पर भी था विवाद

यह पहली बार नहीं है जब इस फ्रेंचाइजी की फिल्म पर विवाद हुआ है। साल 2023 में रिलीज हुई ‘द केरल स्टोरी’ ने बॉक्स ऑफिस पर भले ही अच्छी कमाई की थी, लेकिन उस पर भी एक समुदाय विशेष के खिलाफ नफरत फैलाने के गंभीर आरोप लगे थे। अदा शर्मा अभिनीत इस फिल्म को लेकर देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन भी हुए थे। अब इसके सीक्वल यानी ‘द केरल स्टोरी 2’ को लेकर भी वैसा ही माहौल बनता दिख रहा है। यह फिल्म 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !