लेह-दिल्ली बस सेवा 6 महीने बाद बहाल, सड़कों पर लौटी HRTC की बस, मात्र इतने रुपये में होगा 990 KM का सफर

लंबे इंतजार के बाद लेह-दिल्ली बस सेवा बहाल हो गई है। दरअसल अब मनाली और केलांग होते हुए सीधे दिल्ली पहुंचा जा सकेगा। इस रूट के शुरू होने से लद्दाख, हिमाचल और दिल्ली के बीच सफर करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
लेह-दिल्ली बस सेवा 6 महीने बाद बहाल, सड़कों पर लौटी HRTC की बस, मात्र इतने रुपये में होगा 990 KM का सफर

करीब छह महीने तक बंद रहने के बाद लेह-दिल्ली बस सेवा एक बार फिर शुरू हो गई है। दरअसल मंगलवार सुबह हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस केलांग से 12 यात्रियों को लेकर लेह के लिए रवाना हुई। बता दें कि हर साल भारी बर्फबारी और रास्तों पर जमी मोटी बर्फ की वजह से यह रूट बंद करना पड़ता है। अब मौसम साफ होने और सड़कें खुलने के बाद यात्रियों को फिर से सीधी बस सुविधा मिलने लगी है। इस रूट के शुरू होने से लद्दाख, हिमाचल और दिल्ली के बीच सफर करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

दरअसल लेह-दिल्ली रूट देश के सबसे चुनौतीपूर्ण और खूबसूरत बस रूट्स में गिना जाता है। इस सफर में बस कई ऊंचे पहाड़ी दर्रों और खतरनाक मोड़ों से होकर गुजरती है। मंगलवार सुबह 5:30 बजे केलांग से निकली बस देर रात तक लेह पहुंचने वाली है। रास्ते में बारालाचा ला, नकीला, लाचुंग ला और तंगलंग ला जैसे ऊंचे दर्रों को पार किया जाएगा। तंगलंग ला करीब 5,328 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है, जिसे दुनिया के सबसे ऊंचे मोटरेबल पास में शामिल किया जाता है। यही वजह है कि इस रूट का रोमांच यात्रियों को हमेशा आकर्षित करता है।

लेह-दिल्ली बस रूट पर सफर क्यों माना जाता है खास?

जानकारी दे दें कि लेह-दिल्ली बस सेवा सिर्फ एक ट्रांसपोर्ट सुविधा नहीं, बल्कि एडवेंचर और पर्यटन से जुड़ा बड़ा आकर्षण भी है। हर साल हजारों पर्यटक इस रूट से सफर करना पसंद करते हैं क्योंकि यहां हिमालय के शानदार नजारे, बर्फ से ढकी चोटियां और घाटियों का अलग अनुभव मिलता है। यह बस जिस्पा, दारचा, जिंगजिंग बार, भरतपुर, सरचू, गाटा लूप्स, रुम्तसे और उपशी जैसे अहम पड़ावों से गुजरती है। खास बात यह है कि यह रूट उन लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण है जो कम खर्च में लद्दाख घूमना चाहते हैं।

कितना रखा गया किराया?

दरअसल HRTC के क्षेत्रीय प्रबंधक अंशित शर्मा के मुताबिक, बुधवार सुबह 3:30 बजे बस लेह से दिल्ली के लिए रवाना होगी। बस केलांग और मनाली होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। लेह से दिल्ली तक करीब 990 किलोमीटर लंबा सफर तय करने के लिए प्रति यात्री किराया 1839 रुपये रखा गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी गई है। HRTC पोर्टल के जरिए लोग घर बैठे सीट रिजर्व कर सकते हैं। गर्मियों के सीजन में इस रूट पर यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

वहीं लेह-दिल्ली बस सेवा शुरू होने से सिर्फ यात्रियों को ही नहीं, बल्कि स्थानीय कारोबार और पर्यटन इंडस्ट्री को भी फायदा मिलने वाला है। गर्मियों में बड़ी संख्या में बाइक राइडर्स, ट्रैवलर्स और विदेशी पर्यटक लद्दाख पहुंचते हैं। ऐसे में बस सेवा शुरू होने से होटल, टैक्सी, ढाबा और छोटे व्यापारियों की कमाई बढ़ने की उम्मीद है। मनाली-लेह हाईवे खुलने के बाद अब पर्यटन गतिविधियां भी धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews