परिवहन सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव, एचआरटीसी को मिलेगी नई फ्लीट और चार्जिंग सुविधा

इलेक्ट्रिक बसों के चार्जिंग स्टेशनों के लिए सरकार ने 110 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत, इलेक्ट्रिक बसों की खरीद में सरकार की सीधी भागीदारी।
परिवहन सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव, एचआरटीसी को मिलेगी नई फ्लीट और चार्जिंग सुविधा

हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के बेड़े को चरणबद्ध तरीके से 1000 नई बसों से सुसज्जित किया जा रहा है। इनमें अब तक 24 वोल्वो बसें शामिल की जा चुकी हैं, जबकि 327 इलेक्ट्रिक बसों (297 टाइप-1 व 30 टाइप-3), 250 डीजल बसों और 100 मिनी बसों की खरीद प्रक्रिया प्रगति पर है। 297 इलेक्ट्रिक बसों के लिए आपूर्ति आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रेस को जानकारी दी कि प्रदेश की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए 37 से 42 सीटर छोटी और सुविधाजनक बसों की खरीद को प्राथमिकता दी जा रही है। इसका उद्देश्य दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में भी सुगम परिवहन सेवाएं सुनिश्चित करना है। इसके अतिरिक्त सरकार 500 और इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की योजना पर कार्य कर रही है।

3200 बसों का मौजूदा संचालन, घाटे वाले रूटों पर भी सेवाएं जारी

वर्तमान में एचआरटीसी लगभग 3200 बसों का संचालन कर रही है। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार किसी सरकार द्वारा इतनी बड़ी संख्या में बसों का फ्लीट बदला जा रहा है। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी राज्य के कोने-कोने में अपनी सेवाएं पहुंचाकर सामाजिक प्रतिबद्धताओं को निभा रही है और घाटे वाले रूटों पर भी जनता की सुविधा को प्राथमिकता दे रही है।

चार्जिंग स्टेशन के लिए 110 करोड़ मंजूर, आत्मनिर्भर बनेगा एचआरटीसी

मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों के चार्जिंग स्टेशनों के लिए सरकार ने 110 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इलेक्ट्रिक बसों की खरीद में सरकार की सीधी भागीदारी है, जबकि डीजल बसों की खरीद एचआरटीसी अपने संसाधनों से कर रहा है। उन्होंने कहा कि निगम को एक आत्मनिर्भर और सशक्त उपक्रम के रूप में विकसित करने के प्रयास जारी हैं ताकि हिमाचल की परिवहन सेवाएं पूरे देश में एक मिसाल बनें।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews