Hindi News

शिमला के रिज मैदान में 13 अक्तूबर को होगा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण, प्रियंका भी होंगी शामिल

Written by:Neha Sharma
Published:
Last Updated:
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण अब 13 अक्तूबर (सोमवार) को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में किया जाएगा। इस बारे में जानकारी मंत्री और वीरभद्र सिंह फाउंडेशन के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने दी।
शिमला के रिज मैदान में 13 अक्तूबर को होगा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण, प्रियंका भी होंगी शामिल

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण अब 13 अक्तूबर (सोमवार) को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में किया जाएगा। इस बारे में जानकारी मंत्री और वीरभद्र सिंह फाउंडेशन के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि यह आयोजन पहले 23 जून को वीरभद्र सिंह की जयंती पर होना था, लेकिन प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा और भारी जान-माल की क्षति को देखते हुए ट्रस्ट ने इसे स्थगित करने का निर्णय लिया था।

फाउंडेशन ने वीरभद्र सिंह की परंपरा और सामाजिक जिम्मेदारी का सम्मान करते हुए आपदा प्रभावितों की मदद को प्राथमिकता दी। इसी कड़ी में ट्रस्ट ने 11 लाख रुपये की राशि उपायुक्त मंडी को सौंपी, ताकि उन बच्चों की शिक्षा में सहयोग हो सके, जिन्होंने इस आपदा में अपने माता-पिता को खो दिया। अब कांग्रेस हाईकमान की सहमति और प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के परामर्श के बाद प्रतिमा अनावरण का आयोजन 13 अक्तूबर को करने का निर्णय लिया गया है।

वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण

इस ऐतिहासिक अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह मौजूद रहेंगे। इसके अलावा कई अन्य विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की भी संभावना है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी का भी स्वास्थ्य ठीक होने पर इस कार्यक्रम में शामिल होना प्रस्तावित है।

शिमला के रिज मैदान पर होने वाला यह आयोजन न सिर्फ वीरभद्र सिंह के योगदान को याद करने का अवसर होगा, बल्कि प्रदेश की राजनीति और समाज में उनके महत्व को भी पुनः स्थापित करेगा। आयोजन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है और इसे हिमाचल की राजनीतिक विरासत को सम्मान देने वाला दिन माना जा रहा है।