होशंगाबाद
होशंगाबाद जिले में हुए एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया। जिले के सिवनी मालवा इलाके में शनिवार को सगे भाई बहन ने खुदकुशी की कोशिश की जिसमें भाई की जान चली गई और बहन गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
शनिवार सुबह 23 साल के भूपेंद्र पिता भागवत लौवंशी ने अपने घर के कमरे में फांसी लगा लगी। ये दुखद घटना यहीं नहीं थमी, भाई की खुदकुशी के कुछ ही देर के भीतर उसकी बहन नेहा ने भी जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। नेहा की हालत फिलहाल गंभीर है और उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल इस बात का पता नहीं चल पाया है कि भाई बहन ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया। जानकारी के मुताबिक भूपेंद्र ग्रेजुएशन कर रहा था वहीं उसकी बहन एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती है। घर में चार बहने और दो भाई थे और इस घटना के बाद सभी परिजन बेहाल हैं। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी हासिल की और जांच शुरू कर दी है।






