Hindi News

धनतेरस का त्योहार आज, इन शुभ मुहूर्त में करें खरीदारी, मां लक्ष्मी की बरसेगी कृपा

Written by:Shyam Dwivedi
Published:
हिंदू धर्म में धन, समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक धनतेरस या धन त्रयोदशी का त्योहार बहुत महत्व रखता है। ऐसी मान्यता है कि धनतेरस पर शुभ मुहूर्त में बर्तन और कीमती वस्तुओं विशेष रुप से सोने चांदी जैसी वस्तुओं को खरीदने से घर में धन और समृद्धि आती है। चलिए जानते हैं कि धनतेरस पर खरीदारी का शुभ मुहूर्त क्या है?
धनतेरस का त्योहार आज, इन शुभ मुहूर्त में करें खरीदारी, मां लक्ष्मी की बरसेगी कृपा

Dhanteras 2025

आज यानि शनिवार 18 अक्टूबर को धरतेरस (Dhanteras 2025) या धन त्रयोदशी का त्यौहार मनाया जा रहा है। आज के दिन चिकित्सा के देवता धन्वन्तरि और धन की देवी मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है। पौराणिक कथाओ के अनुसार, इस दिन समुद्र मंथन के दौरान भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। यही कारण है कि इस दिन को धन्वंतरि जयंती भी कहा जाता है। धनतेरस पर लोग बर्तन, सोना चांदी, वाहन, प्रॉपर्टी एवं अन्य चीजों को खरीदना शुभ मानते हैं। चलिए जानते हैं कि धनतेरस पर खरीदारी करने का शुभ मुहूर्त क्या है?

धनतेरस (Dhanteras 2025) के दिन खरीदारी के लिए शुभ मुहूर्त 

धनतेरस पर तीन शुभ मुहूर्त शुभ हैं जिसके बीच आप खरीदारी कर सकते हैं। पहला मुहूर्त सुबह 8 बजकर 50 मिनट से लेकर सुबह 10 बजकर 33 मिनट तक रहेगा। इस बीच आप सोने और चांदी की खरीदारी कर सकते हैं। वहीं दूसरा मुहूर्त सुबह 11 बजकर 43 मिनट से लेकर दोपहर 12 बजकर 28 मिनट तक रहेगा। इस बीच, नया वाहन खरीदना शुभ होगा। तीसरा मुहूर्त शाम 7 बजकर 16 मिनट से रात 8 बडकर 20 मिनट तक रहेगा। इस बीच, प्रॉपर्टी या अन्य चीजों की खरीदारी कर सकते हैं।

धनतेरस का महत्व

धनतेरस को स्वास्थ्य, धन और समृद्धि से संबंधित सुख प्रदान करने वाला समय माना गया है। मान्यता अनुसार, धनतेरस पर विशेष रूप से बर्तन और सोने चांदी जैसी वस्तुओं को खरीदने से घर में धन और समृद्धि आती है। शास्त्रों के अनुसार समुद्र मंथन में निकलने वाले अमूल्य निधियों में से एक धन्वंतरि जो अमृत का कलश लेकर समुद्र से निकले थे इसी कारण इन्हें अमरता और स्वास्थ्य सुख प्रदान करने वाले देवता के रुप में पूजा जाता है।

धनतेरस के शुभ दिन भगवान धन्वंतरी के साथ-साथ देवी लक्ष्मी और धन के देवता भगवान कुबेर की भी पूजा की जाती है। इस पूजन द्वारा भक्तों को भौतिक सुखों की प्राप्ति होती और सारा साल आर्थिक उन्नति बनी रहती है। धनतेरस के दिन दक्षिण दिशा में दीया जलाना भी शुभ माना जाता है, क्योंकि ऐसा करने से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।