Hindi News

इंदौर BRICS सम्मेलन में कृषि मंत्रियों की बैठक, खाद्य सुरक्षा और कृषि सहयोग पर होगा मंथन, अंतिम दिन के मुद्दों पर डालें नजर

Written by:Rishabh Namdev
Published:
इंदौर में चल रहे BRICS कृषि सम्मेलन का आज अंतिम दिन है। आज सदस्य देशों के कृषि मंत्री एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे। दरअसल इस बैठक में खाद्य सुरक्षा, कृषि व्यापार, जलवायु परिवर्तन के असर और नई कृषि तकनीकों जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

इंदौर इन दिनों अंतरराष्ट्रीय कृषि कूटनीति का केंद्र बना हुआ है। दरअसल BRICS कृषि सम्मेलन के पांचवें और अंतिम दिन सदस्य देशों के कृषि मंत्री एक मंच पर जुटेंगे। वहीं इस बैठक का मुख्य उद्देश्य कृषि क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाना है, जो दुनिया भर के किसानों और खाद्य व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी इस बैठक में हिस्सा लेंगे।

दरअसल सम्मेलन के दौरान पिछले चार दिनों में कृषि से जुड़े कई विषयों पर चर्चा हो चुकी है, जबकि अंतिम दिन मंत्रिस्तरीय बैठक सबसे अहम मानी जा रही है। इसमें सदस्य देश अपने अनुभव साझा करेंगे और भविष्य की प्राथमिकताओं पर विचार रखेंगे। वहीं बैठक में कृषि उत्पादन बढ़ाने, खाद्य उपलब्धता मजबूत करने और बदलते मौसम के बीच खेती को अधिक सक्षम बनाने जैसे विषयों पर फोकस रहेगा।

इन मुद्दों पर रहेगा सबसे ज्यादा फोकस

दरअसल कृषि मंत्रियों की इस बैठक में चार प्रमुख विषयों को केंद्र में रखा गया है। पहला विषय खाद्य सुरक्षा, पोषण और किसानों की आजीविका से जुड़ा हुआ है। दुनिया के कई हिस्सों में बढ़ती आबादी और बदलती परिस्थितियों के बीच पर्याप्त खाद्य उपलब्धता एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। दूसरा विषय कृषि व्यापार और सदस्य देशों के बीच सहयोग बढ़ाने का है, ताकि कृषि उत्पादों के आदान-प्रदान को और बेहतर बनाया जा सके।

कृषि व्यवस्था विकसित करने के उपायों पर होगी चर्चा

वहीं तीसरा महत्वपूर्ण मुद्दा जलवायु परिवर्तन का है। अनियमित बारिश, बढ़ता तापमान और प्राकृतिक आपदाएं खेती पर सीधा असर डाल रही हैं। ऐसे में सदस्य देश टिकाऊ और मजबूत कृषि व्यवस्था विकसित करने के उपायों पर चर्चा करेंगे। चौथा विषय कृषि और खाद्य क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान और तकनीकी साझेदारी का है। नई तकनीकों, आधुनिक खेती के तरीकों और वैज्ञानिक शोध को साझा करने पर भी विचार होगा। इन मुद्दों पर चर्चा के जरिए सदस्य देश कृषि क्षेत्र की साझा चुनौतियों का समाधान तलाशने की कोशिश करेंगे।

आखिरी दिन के कार्यक्रम पर डालें नजर

वहीं सम्मेलन के समापन पर सदस्य देशों की सहमति से एक संयुक्त दस्तावेज तैयार किया जाएगा। इसमें बैठक के दौरान सामने आए सुझावों, प्राथमिकताओं और सहयोग के संभावित क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा। यह दस्तावेज BRICS देशों के बीच कृषि सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एक मार्गदर्शक के रूप में काम करेगा। वहीं आज शनिवार के कार्यक्रम के अनुसार सुबह कृषि मंत्रियों की मुख्य बैठक होगी, जिसके बाद द्विपक्षीय बैठकों का दौर चलेगा। इन बैठकों में देश आपसी हितों से जुड़े कृषि मुद्दों पर अलग-अलग चर्चा करेंगे। शाम को समापन डिनर के साथ सम्मेलन का औपचारिक समापन होगा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews