मध्य प्रदेश के इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर खलघाट टोल प्लाजा के पास शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होने से टल गया। इंदौर से मनावर की ओर जा रही एक चलती कार में अचानक अचानक आग लग गई और देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी। गनीमत यह रही कि कार में सवार लोगों ने वक्त रहते समझदारी दिखाई और तुरंत बाहर कूद गए जिससे किसी की जान नहीं गई और बड़ा हादसा टल गया।
रात 2 बजे के आसपास हुआ यह हादसा
दरअसल यह घटना शनिवार देर रात करीब 2 बजे की है। कार मालिक अमन यादव, जो एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं, अपनी गाड़ी से इंदौर से मनावर की तरफ जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने कार में सीएनजी भरवाई और फिर खाना खाने के बाद आगे के सफर पर निकले थे। जैसे ही उनकी गाड़ी खलघाट टोल प्लाजा के पास पहुंची उसमें अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ या किसी और कारण से धुआं निकलने लगा और अचानक आग भड़क गई।
सवारों ने दिखाई समझदारी
चलती गाड़ी से धुआं और लपटें निकलते ही अमन और उनके साथ मौजूद लोगों ने बिना देरी किए कार रोकी और तुरंत बाहर निकल आए। घटना देखते ही टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने भी आग बुझाने की पूरी कोशिश की लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि उस पर काबू पाना नामुमकिन हो गया। इसके बाद तुरंत डायल 112 और दमकल विभाग को फोन किया गया, जिसके बाद फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर आग बुझाई।
हादसे के कारणों का पता नहीं
घटना की खबर मिलते ही एबी रोड के ट्रैफिक प्रभारी पदम सिंह भाटी और खलघाट चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। ट्रैफिक प्रभारी पदम सिंह भाटी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दर्दनाक घटना में किसी भी इंसान को चोट नहीं आई है और न ही कोई जनहानि हुई है। गाड़ी में आग किन कारणों से लगी इसका सही कारण अभी साफ नहीं हो पाया है लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
सीएनजी गाड़ियों में सुरक्षा को लेकर उठी चिंता
इस घटना के बाद से हाईवे पर चलने वाले सीएनजी वाहनों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि रात के समय लंबी दूरी का सफर करने से पहले गाड़ियों की सीएनजी किट और वायरिंग की सही तरीके से जांच जरूर करा लें। अगर समय रहते कार सवार बाहर नहीं निकलते तो यह हादसा बेहद दर्दनाक और भयानक रूप ले सकता था।






