MP Breaking News

इंदौर में महंगाई को लेकर आज कांग्रेस करेगी 22 ब्लॉकों में प्रदर्शन, शक्कर-पेट्रोल-गैस और बिजली के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी

इंदौर में बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस गुरुवार सुबह शहरभर में एक साथ प्रदर्शन करेगी। शहर के सभी 22 ब्लॉकों में कार्यकर्ता उतरेंगे और शक्कर की कीमत, पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण, घरेलू गैस सिलेंडर और बिजली की बढ़ी दरों को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे।
इंदौर में महंगाई को लेकर आज कांग्रेस करेगी 22 ब्लॉकों में प्रदर्शन, शक्कर-पेट्रोल-गैस और बिजली के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी

इंदौर में बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस गुरुवार को शहरभर में बड़ा आंदोलन करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर सुबह 10 बजे से सभी 22 ब्लॉकों में प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। शहर कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में प्रदर्शन में शामिल होंगे। प्रत्येक स्थान के लिए अलग-अलग प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं।

दरअसल शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि इस आंदोलन में शक्कर की बढ़ती कीमत, पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण, महंगे घरेलू गैस सिलेंडर और बिजली की बढ़ी दरों जैसे मुद्दों को उठाया जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि इन मुद्दों को लेकर शहरभर में एक साथ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

शक्कर, पेट्रोल, गैस और बिजली को बनाया मुख्य मुद्दा

वहीं कांग्रेस ने प्रदर्शन में शक्कर की बढ़ी कीमत को प्रमुख मुद्दा बनाया है। चिंटू चौकसे ने कहा कि शक्कर के दाम में 30 से 35 रुपये प्रति किलो तक बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम परिवारों के रसोई बजट पर असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के बाद गणेश चतुर्थी, श्राद्ध पक्ष, नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे त्योहार आने वाले हैं और इस दौरान शक्कर की मांग बढ़ती है। पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण को लेकर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। चौकसे ने आरोप लगाया कि इससे वाहन चालकों को अतिरिक्त परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि रोजाना वाहन चलाने वाले लोगों के लिए ईंधन और वाहन रखरखाव दोनों का खर्च बढ़ रहा है। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों को भी कांग्रेस ने आंदोलन का हिस्सा बनाया है। पार्टी का कहना है कि गैस सिलेंडर महंगा होने से रसोई का खर्च बढ़ा है। वहीं बिजली की बढ़ी दरों को लेकर भी कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने का फैसला किया है।

इंदौर के 22 स्थानों पर एक साथ होगा प्रदर्शन

दरअसल कांग्रेस ने गुरुवार सुबह 10 बजे शहर के 22 स्थानों पर एक साथ प्रदर्शन की तैयारी की है। इनमें चंदन नगर पेट्रोल पंप, बाणगंगा पेट्रोल पंप, स्कीम नंबर 51 पुलिस चौकी, एरोड्रम 60 फीट रोड एमपी पब्लिक स्कूल, मंगल नगर पेट्रोल पंप आम वाला चौराहा, परदेशीपुरा चौराहा और स्कीम नंबर 54 पावर हाउस कस्तूरी सभागृह शामिल हैं। इसके अलावा रोबोट चौराहा, स्कीम नंबर 78 टेंपो स्टैंड, छावनी चौराहा, हरसिद्धि मंदिर रोड, राजबाड़ा पुलिस चौकी, माणिकबाग रोड पुलिस चौकी, गंगवाल बस स्टैंड, महू नाका, फूटी कोठी चौराहा, तिलक नगर, गीताभवन, विकास नगर थाना एमआईजी, मुसाखेड़ी पुराना टेंपो स्टैंड, सिलिकॉन सिटी गेट और तेजाजी नगर चौराहे पर भी प्रदर्शन किए जाएंगे।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews
इंदौर में महंगाई को लेकर आज कांग्रेस करेगी 22 ब्लॉकों में प्रदर्शन, शक्कर-पेट्रोल-गैस और बिजली के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी