इंदौर: मध्यप्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में लगातार दबिश देकर नशा तस्करों पर शिकंजा कसा जा रहा है और आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा रहा है। इसी बीच, इंदौर क्राइम ब्रांच ने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुये तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एमडी ड्रग्स बरामद की है।

जानकारी अनुसार, पुलिस ने हुकमचंद मिल एरिया के पास दबिश देकर एक ऑटो रिक्शा में सवार तीन शातिर तस्करों को धरदबोचा है। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 20 ग्राम एमडी ड्रग्स और तस्करी में इस्तेमाल किये जाने वाला वाहन ऑटो रिक्शा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों को खिलाफ मामला दर्ज कर किया और उनके आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आये हैं।

क्राइम ब्रांच की टीम ने हुकमचंद मिल क्षेत्र में दी दबिश

इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शहर में सक्रिय ड्रग्स तस्करों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ चलाये गये विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच की टीम लगातार संदिग्धों की पतारसी में जुटी थी।​ इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी गश्त के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने हुकमचंद मिल एरिया में दबिश दी।​ वहां एक ऑटो रिक्शा के अंदर तीन संदिग्ध व्यक्ति बैठे हुए दिखाई दिये, जो पुलिस को देखते ही हड़बड़ाने लगे और भागने की कोशिश करने लगे।​

​सतर्क पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी करते हुए तीनों को मौके पर ही दबोच लिया। पकड़े गये आरोपियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपनी पहचान नारु खान निवासी आजाद नगर, अमन निवासी कनाडिया और आदिल पिता सलीम खान निवासी आजाद नगर के रूप में बताई। जांच में अमन और आदिल ऑटो रिक्शा निकले है। जबकि नारु पंचर बनाने का काम करता है।

इंदौर क्राइम ब्रांच ने 20 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स की जब्त

जब पुलिस ने ऑटो रिक्शा की बारीकी से तलाशी ली तो गाड़ी के टूलबॉक्स के अंदर छिपाकर रखा गया अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ। टूलबॉक्स के अंदर से पुलिस ने 20 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स की। जब्त किये गये मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किया गया ऑटो रिक्शा भी जब्त कर लिया है। इस प्रकार कुल लगभग पाँच लाख रुपये मूल्य का मशरूका पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।

जांच में सामने आया आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ये आरोपी पहली बार इस धंधे में नहीं उतरे हैं, बल्कि इनका पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है।​आरोपी आदिल के खिलाफ पूर्व में थाना आजाद नगर में आर्म्स एक्ट और थाना अपराध शाखा में एनडीपीएस एक्ट के तहत गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। वहीं, आरोपी नारु खान के खिलाफ भी पूर्व में थाना अपराध शाखा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज रह चुका है। ​क्राइम ब्रांच ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना अपराध शाखा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट