टाइगर श्रॉफ पर हमले के मामले में इंदौर से युवक हिरासत में, मुंबई और इंदौर क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई, सोनीपत का रहने वाला है संदिग्ध

मुंबई क्राइम ब्रांच ने टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में इंदौर के परदेशीपुरा इलाके से सोनीपत निवासी प्रांजल को हिरासत में लिया है। मामले में अब तक 11 लोग गिरफ्तार या हिरासत में लिए जा चुके हैं।
Tiger Shroff firing case

इंदौर। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने इंदौर से एक युवक को हिरासत में लिया है। सोनीपत निवासी प्रांजल को इंदौर के परदेशीपुरा इलाके से पकड़ा गया है। मुंबई और इंदौर क्राइम ब्रांच ने संयुक्त कार्रवाई कर उसे हिरासत में लिया। मुंबई पुलिस अब उसे अपने साथ ले जाकर पूछताछ करेगी।

इंदौर क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि प्रांजल करीब पांच दिन पहले इंदौर आया था। उसके भाई का यहां इलाज चल रहा है और वह उसी के पास आया हुआ था। इसी बीच मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम इंदौर पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से उसे हिरासत में ले लिया। हालांकि, हमले में प्रांजल की संदिग्ध भूमिका को लेकर पुलिस ने फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है।

मुंबई में टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई थी फायरिंग

मुंबई के जुहू इलाके में मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की थी। इस घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बच गए थे, जबकि उनके ड्राइवर और एक ऑटोरिक्शा चालक के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। हमले के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इसकी जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। साथ ही अभिनेता सलमान खान को भी धमकी दिए जाने की बात सामने आई थी।

मामले में 11 लोग गिरफ्तार या हिरासत में

टाइगर श्रॉफ पर हमले की जांच में मुंबई क्राइम ब्रांच अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार या हिरासत में ले चुकी है। पुलिस ने गुजरात के सूरत से दो हथियार और 10 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। इसी मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम इंदौर पहुंची थी, जहां प्रांजल को हिरासत में लिया गया। अब उससे पूछताछ के जरिए हमले से उसके संभावित संबंधों की जांच की जाएगी।

इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews