मध्य-पूर्व में अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब दुबई तक पहुंच गया है, जहां इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला और उज्जैन महाकाल मंदिर के पुजारी समेत कई भारतीय नागरिक फंस गए हैं। लगातार हो रहे मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच पूर्व विधायक ने एक वीडियो जारी कर भारत सरकार से तत्काल मदद की अपील की है। उन्होंने कहा कि दुबई में हर घंटे बम गिर रहे हैं और स्थिति बेहद खतरनाक है।
शुक्ला द्वारा जारी किए गए वीडियो में उनके पीछे आग और धुएं का गुबार उठता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि शहर में हालात सामान्य नहीं हैं और एयरपोर्ट पर भी हमला हुआ है, जिसके कारण सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
वीडियो में बयां किया खौफ का मंजर
पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने वीडियो में मौजूदा स्थिति की गंभीरता को उजागर किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है।
“यहां लगातार बम गिर रहे हैं। ड्रोन और मिसाइल से अटैक हो रहा है। हमारी जान को खतरा है। हम भारत सरकार से अपील करते हैं कि यहां फंसे सभी भारतीयों को सुरक्षित निकालने में मदद की जाए।” — संजय शुक्ला, पूर्व विधायक
दुबई से जारी वीडियो संदेश में पूर्व विधायक Sanjay Shukla ने देश के गृहमंत्री श्री amit Shah ज़ी से महत्वपूर्ण मुद्दे पर अपील की है। देखिए पूरा वीडियो और जानिए क्या कहा।#DubaiUpdate #SanjayShukla #AmitShah #HomeMinister #BreakingNews #IndiaNews #PoliticalNews pic.twitter.com/22s7eJorll
— vikas yadav pahelwan (@vikasyadav21620) March 1, 2026
उनके अनुसार, दुबई प्रशासन लगातार सायरन और आपातकालीन संदेशों के जरिए लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दे रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दी गई है, जिससे लोगों में, खासकर महिलाओं और बच्चों में डर का माहौल है।
ज्योतिष सम्मेलन में गए महाकाल पुजारी भी फंसे
इस संकट में उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर के पुजारी विकास शर्मा भी फंस गए हैं। वह दुबई में एक पांच दिवसीय ज्योतिष सम्मेलन में भाग लेने गए थे और बुर्ज खलीफा के पास एक होटल में ठहरे थे। उनके परिवार ने बताया कि 28 फरवरी को उनकी वापसी की फ्लाइट थी। वे विमान में लगभग ढाई घंटे तक बैठे रहे, लेकिन बाद में हमलों की सूचना देते हुए उड़ान को रद्द कर दिया गया। इसके तुरंत बाद, दुबई, शारजाह और अबू धाबी के हवाई अड्डों को बंद करने की घोषणा कर दी गई।
इंदौर के कई बड़े कारोबारी भी दुबई में मौजूद
दुबई में फंसे भारतीयों में सिर्फ नेता और पुजारी ही नहीं, बल्कि इंदौर के कई जाने-माने उद्योगपति और बिल्डर भी शामिल हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय शुक्ला के साथ पूर्व विधायक विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़, मनीष सहारा, संजय अग्रवाल, पिंटू छाबड़ा और गोलू पाटनी समेत अन्य लोग भी वहां मौजूद हैं। ये सभी व्यावसायिक कार्यों और एक कार्यक्रम के सिलसिले में दुबई गए थे।
संजय शुक्ला के बेटे सागर शुक्ला ने बताया कि उनकी अपने पिता से वीडियो कॉल पर बात हुई है, जिस दौरान उन्होंने खुद बम धमाकों की आवाजें सुनीं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात को स्थिति बिगड़ने पर सभी को एक सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है। सागर ने भी सरकार से सभी की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की अपील की है।






