दिवाली से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, इंदौर में 9 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, 18 सैंपल जांच के लिए भेजे

इंदौर में स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया है। 18 सैंपल लिए गए हैं, जिसे जांच के लिए भोपाल भेजा जाएगा। व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया है। 
Indore Food Department Action
दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट पर काबू पाने के लिए इंदौर में खाद्य विभिन्न की कार्रवाई लगातार जारी है। विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित 9 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। विभिन्न खाद्य पदार्थों के 18 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
निरीक्षण के दौरान खराब क्रीम के 2 टीन मौके पर नष्ट कराए गए। खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने, वैध खाद्य पंजीयन और अनुज्ञप्ति के अंतर्गत कारोबार संचालित करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशन में और कलेक्टर वर्मा के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया जा रहा है।

विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने लिए गए 

बालाजी दूध डेयरी एंड स्वीट्स, प्रिंस नगर के निरीक्षण के दौरान प्रोपराइटर विनीत जाट उपस्थित पाए गए। यहां मिठाइयों और मावा आदि का निर्माण किया जाना पाया गया। प्रतिष्ठान से मावा और मिल्क केक के 2 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। वहीं अजंता स्वीट्स एवं नमकीन, सिरपुर, गोपाल नगर, धार रोड  के प्रभारी कैलाश त्रिवेदी की उपस्थिति में निरीक्षण किया गया। संचालक को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। यहां से मिल्क केक का 1 नमूना संग्रहित किया गया, जिसे जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

मुसाखेड़ी क्षेत्र की डेयरियों और मिष्ठान प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई

मुसाखेड़ी क्षेत्र में स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य नमूने संग्रहित किए गए। महेश दूध डेयरी एवं मिष्ठान भंडार से गुलाब जामुन, मावा एवं पनीर के 3 नमूने लिए गए। विजय प्रजापत डेयरी एवं स्वीट्स से मिल्क केक और मावा के 2 नमूने लिए गए हैं। इसके अलावा कृष्णा डेयरी एवं मिष्ठान भंडार से मावा और मावा कतली के 2 नमूने लिए गए। इसी क्रम में यदुराज डेयरी से घी, पनीर एवं मावा कतली के 3 नमूने तथा पालीवाल स्वीट्स से मावा का 1 नमूना जांच हेतु संग्रहित किया गया।
यदुराज डेयरी में निरीक्षण के दौरान खराब क्रीम के 2 टीन मौके पर नष्ट कराए गए। श्री कृष्णा डेयरी एवं मिष्ठान भंडार में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
श्री सांवरिया दूध डेयरी एंड स्वीट्स, प्रिंस नगर: कुशवाह नगर चौराहे के पास स्थित प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। प्रतिष्ठान के प्रभारी सुभाष यादव की उपस्थिति में मलाई बर्फी एवं मिल्क केक के 2 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।
श्री फलोदी फूड्स, छोटा बांगड़दा  के प्रोपराइटर जितेंद्र गुप्ता की उपस्थिति में निरीक्षण किया गया। परिसर में तिल लड्डू, गुड़ पट्टी, चिक्की, तिल पट्टी और राजगीर लड्डू आदि का निर्माण किया जाना पाया गया। यहां से मूंगफली गुड़ पट्टी और तिल लड्डू के 2 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। खाद्य पदार्थों के निर्माण के दौरान साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालक द्वारा खाद्य पदार्थों के निर्माण हेतु आवश्यक वैध खाद्य पंजीयन प्रस्तुत नहीं किया गया। संबंधित संचालक को जरूरी खाद्य पंजीयन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी वैधानिक कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा संग्रहित सैंपल को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित निर्माण, उचित भंडारण, स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर ने  स्पष्ट किया गया है कि दीपावली पर्व के दौरान आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण, नमूना संग्रहण और खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट

Manisha Kumari Pandey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता जनकल्याण का माध्यम है। एक पत्रकार का काम नई जानकारी को उजागर करना और उस जानकारी को एक संदर्भ में रखना है। ताकि उस जानकारी का इस्तेमाल मानव की स्थिति को सुधारने में हो सकें। देश और दुनिया धीरे–धीरे बदल रही है। आधुनिक जनसंपर्क का विस्तार भी हो रहा है। लेकिन एक पत्रकार का किरदार वैसा ही जैसे आजादी के पहले था। समाज के मुद्दों को समाज तक पहुंचाना। स्वयं के लाभ को न देख सेवा को प्राथमिकता देना यही पत्रकारिता है। अच्छी पत्रकारिता बेहतर दुनिया बनाने की क्षमता रखती है। इसलिए भारतीय संविधान में पत्रकारिता को चौथा स्तंभ बताया गया है। हेनरी ल्यूस ने कहा है, " प्रकाशन एक व्यवसाय है, लेकिन पत्रकारिता कभी व्यवसाय नहीं थी और आज भी नहीं है और न ही यह कोई पेशा है।" पत्रकारिता समाजसेवा है और मुझे गर्व है कि "मैं एक पत्रकार हूं।" View all posts by Manisha Kumari Pandey →
Follow Us :GoogleNews