
एक ओर विपक्षी INDIA गठबंधन की ओर से 1 नवंबर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली आयोजित की जा रही है। वहीं, दूसरी ओर मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में भी कांग्रेस एसआईआर, वोट चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही है। इसी बीच, मंगलवार को इंदौर में कांग्रेस ने गांधी भवन से कांग्रेस ने जनसंघर्ष महारैली निकाली।
बता दें कि शहर और जिला कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह रैली गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर कलेक्ट्रेट पहुंची। रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘कांग्रेस लाओ, देश बचाओ’ और ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे लगाये। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों का विरोध करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। साथ ही, राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
भाजपा सरकार की नीतियों से जनता त्रस्त: देवेंद्र सिंह यादव
कांग्रेस की जनसंघर्ष महारैली में शामिल हुये पार्टी नेता देवेंद्र सिंह यादव ने कहा कि पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में यह महारैली निकाली गई है। इस दौरान कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों से आम जनता त्रस्त हो चुकी है। वहीं, कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके कार्यकाल में लिये गये फैसलों की समीक्षा की मांग के लिये आवाज उठाई है।
भाजपा ने वोट चोरी करके बनाई सरकार: चिंटू चौकसे
इसके अलावा, शहर कांग्रेस के अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने भी भाजपा सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि इस महारैली का विषय वोट चोर गद्दीं छोड़, ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दे, था। आज पूरे देश की जनता भाजपा सरकार से परेशान हो चुकी है। साथ ही जनता यह भी समझ चुकी है कि देश में नरेंद्र मोदी सरकार और राज्य में मोहन यादव की सरकार वोट चोरी करके बनाई गई है।
चौकसे ने आगे कहा कि इस महारैली के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर वोट चोरी करके बनी सरकार को बर्खास्त करने और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग की है। इसके साथ ही ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की भी मांग की है।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट
