
इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर में कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी के खिलाफ दर्ज FIR को लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और पार्षद कुणाल सोलंकी ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाये हैं। इस दौरान चिंटू चौकसे ने निगम की कार्रवाई को लेकर कई आरोप लगाये और महापौर पर भी निशाना साधा।
बता दें कि कुणाल सोलंकी इंदौर के पालदा क्षेत्र से कांग्रेस पार्षद हैं। इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव पर निशाना साधते हुये कहा कि.. महापौर ने निगम को बद से बदतर बनाने का संकल्प ले रखा है। चौकसे ने आरोप लगाया कि सड़क, जलभराव, गंदे पानी और भ्रष्टाचार समेत हर मोर्चे पर नगर निगम विफल है। उन्होंने कहा कि हॉकर्स जोन के नाम पर गरीबों को हटाया जा रहा है।
कुणाल सोलंकी पर FIR को लेकर कांग्रेस का हमला
उन्होंने आगे कहा कि 24 अक्टूबर की रात अंदर की गलियों में ठेले पर सब्जी बेच रहे गरीबों के ठेले जबरन जब्त किये गये। हमारे पार्षद कुणाल सोलंकी ने इसका विरोध करते हुए आवाज उठाई तो उनके खिलाफ ही FIR दर्ज कर दी गई। उन्होंने कहा कि घटना के दो दिन बाद FIR दर्ज होना यह बताता है कि भाजपा नेताओं के दबाव में नगर निगम कमिश्नर ने कठपुतली बनकर कार्रवाई की है। कांग्रेस इस मामले की जांच की मांग DCP से करेगी।
कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी ने रखा अपना पक्ष
वहीं, इस मामले में कार्रवाई को लेकर पार्षद कुणाल सोलंकी ने कहा कि दीपावली के समय ठेला संचालकों का सामान फेंककर उनके ठेले जब्त किये गये। कार्रवाई रोकने को लेकर निगम कर्मचारियों के साथ उनका विवाद भी हुआ। पार्षद ने निगम की कार्रवाई को लेकर कई आरोप लगाये।
उन्होंने कहा कि एक गरीब ठेला गरीब ठेले वाला पूरे दिन में 1000 रुपये भी नहीं कमा पाता लेकिन नगर निगम उससे 5000 रुपये का चालान वसूलता है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने पक्ष से FIR दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया था लेकिन उनकी FIR दर्ज नहीं की गई और उल्टा उनके खिलाफ ही केस दर्ज कर दिया गया।
कुणाल सोलंकी समेत 4-5 ठेला संचालकों पर केस दर्ज
गौरतलब है कि 24 अक्टूबर को इंदौर शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान नगर निगम अधिकारियों और कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी के बीच विवाद हो गया गया था। आरोप है कि सोलंकी ने निगम की कार्रवाई का विरोध करते हुये टीम को अतिक्रमण हटाने से रोका। इस दौरान अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने और उन्हें धमकी देने के आरोप भी लगाये गये हैं। इस मामले में भंवरकुआं थाना पुलिस ने रविवार को कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी समेत 4-5 ठेला संचालकों के खिलाफ सरकार कार्य में बाधा डालने और धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया है।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट
