
दीवाली का त्योहार नजदीक आते ही घरों और दुकानों में साफ-सफाई व रंग-रोगन का काम तेज हो गया है जिसके चलते पानी की खपत भी बढ़ने लगी है। ऐसे में इंदौर नगर निगम ने पानी की बढ़ती मांग को देखते हुये लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर सख्ती की तैयारी शुरू कर दी है। नगर निगम के अनुसार, घरों में जरूरत से ज्यादा पानी बहाने और पीने योग्य पानी का अनावश्यक इस्तेमाल करने वालों को पहले दो-तीन बार समझाइश दी जाएगी।
नगर निगम के अनुसार, अगर समझाइस के बाद भी नियमों का पालन नहीं किया और पानी की बर्बादी नहीं रोकी गई तो वीडियो बनाकर संबंंधित व्यक्ति के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जायेगी। लोग नियमों का पालन करें और जागरूक रहे इसके लिये महापौर पुष्यमित्र भार्गव सोमवार को शहर की गली गली जाकर रहवासियों को पानी बचाने की अपील की और पानी की बर्बादी न करें इसके लिये लोगों को जागरूक भी किया।
महापौर ने रहवासियों से किया संवाद, पानी बचाने की अपील
महापौर ने पार्श्वनाथ, विनय नगर, जैन कॉलोनी और लोकमान्य नगर में रहवासियों से संवाद किया और पानी का अपव्यय रोकने, जरूरत के अनुसार ही जल का उपयोग करने की अपील की।। उन्होंने कहा कि गर्मी के दौरान पानी की मांग बढ़ जाती है। इसलिये पानी की हर बूंद का महत्व समझें और आने वाली पीढ़ियों के लिए इस अनमोल संसाधन को सुरक्षित रखें।
जल का दुरुपयोग करने पर कटेगा चालान
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि आने वाले कुछ दिनों तक नगर निगम की टीम लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करेगी। इसके बाद भी पानी का दुरुपयोग करते हुए पाए जाने पर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने कहा कि निगम का उद्देश्य लोगों को पानी बचाने के लिए जागरूक करने के साथ अनावश्यक खपत पर रोक लगाना है।
आरओ के वेस्ट पानी का दोबारा उपयोग करने की महापौर ने की अपील
महापौर ने लोगों से अपील की कि घरों में आरओ से निकलने वाले वेस्ट पानी को फेंकने के बजाय उसका दोबारा उपयोग करें। इस पानी का इस्तेमाल पौधों में डालने, गाड़ी धोने और कपड़े धोने जैसे कामों में किया जा सकता है। इससे पीने योग्य पानी की बर्बादी कम होगी और उपलब्ध पानी का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा। महापौर ने एनजीओ की टीम को दीपावली तक अभियान का चार्ट तैयार कर नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही.. जिन स्थानों पर हरी घास दिखाई दे रही है वहां भी दो-दो दिन की समय-सीमा तय कर उसकी कटाई कराने के निर्देश दिये गये।
