इंदौर: त्योहारों का सीजन नजदीक आते ही खाद्य सुरक्षा विभाग मिलावटखोरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है। विभाग की टीमें बाजारों में जांच अभियान चलाकर मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए सैंपलिंग और जब्ती की कार्रवाई कर रही हैं। ताजा मामला मध्यप्रदेश के इंदौर से सामने आया है जहां मंगलवार को विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है।
बता दें कि बाणगंगा क्षेत्र में कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर और तहसीलदारों के साथ कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 4 हजार किलो खाद्य सामग्री जब्त की। साथ ही कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए।
निरीक्षण में मिली गंदगी, 1950 किलो खाद्य सामग्री जब्त
खाद्य विभाग की टीम को विशाल नगर स्थित मेसर्स न्यू एनके चना परमल में चना, पीनट और परमल की प्रोसेसिंग होती मिली। निरीक्षण के दौरान यहां साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। इसके बाद टीम ने चना के 2, पीनट व दाना के 2 और तले हुए मटर का 1 सैंपल जांच के लिए लिया। वहीं मौके से करीब 1950 किलो खाद्य सामग्री जब्त की गई। जिसकी अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
खाद्य विभाग ने भारी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त की
खाद्य विभाग की टीम ने बाणगंगा मेन रोड स्थित अमरनाथ चना परमल भंडार से मूंगफली, चना और मटर के 4 सैंपल जांच के लिए लिए गए। टीम ने यहां से 1377 किलो खाद्य सामग्री जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 83,626 रुपये है। वहीं, शिवम ट्रेडर्स से 280 किलो मूंगफली जब्त की गई जिसकी कीमत करीब 36,400 रुपये बताई गई है।
इसके अलावा राजकुमार जायसवाल के प्रतिष्ठान से मूंगफली दाना और धनिया पाउडर के सैंपल लिए गए। यहां से 450 किलो खाद्य सामग्री जब्त की। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस नहीं मिला, जिसके बाद प्रकरण दर्ज कर खाद्य पदार्थों की प्रोसेसिंग बंद करा दी गई।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने दी जानकारी
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी ने बताया कि पूरे राज्य में मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में क्षेत्र के 4 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई और खाद्य पदार्थों के 15 सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान करीब 4 हजार किलो खाद्य सामग्री जब्त की गई है। खाद्य विभाग के अनुसार, सभी सैंपल जांच के लिए लैब भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#WATCH | Indore, MP | After discovering approximately 4,000 kg of moldy peanuts and chickpeas, along with coriander coated with synthetic colors, at a factory in the Banganga area, the Food Department seized and sealed the entire stock and sent samples for testing. pic.twitter.com/afu7qezJ7l
— ANI MP/CG/Rajasthan (@ANI_MP_CG_RJ) August 25, 2026





