MP Breaking News

जबलपुर: Puma के नाम पर नकली कपड़ों का कारोबार, पुलिस ने दुकान पर मारा छापा, 496 नग माल किया जब्त

Jabalpur News

आज के दौर में ब्रांडेड कपड़े, जूते और अन्य सामान खरीदने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। लेकिन इसी बढ़ती मांग के बीच बाजारों में नामी कंपनियों के नाम पर नकली और डुप्लीकेट सामान की बिक्री भी चिंता का विषय बनती जा रही है। हाल ही में जबलपुर पुलिस-प्रशासन की टीम ने शहर के कोतवाली क्षेत्र स्थित एक दुकान पर कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में प्यूमा (Puma) कंपनी के नाम और लोगो वाले नकली कपड़े जब्त किए हैं।

बताया जा रहा है कि जबलपुर में Puma कंपनी के नाम पर नकली कपड़े तैयार कर उन्हें अधिक दामों पर बेचा जा रहा था। टीम ने कार्रवाई करते हुए दुकान संचालक और नकली कपड़ों की सप्लाई करने वाले व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मौके से 496 नग नकली टी-शर्ट, लोअर और हुडी भी बरामद की हैं।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, जबलपुर एसपी संपत उपाध्याय के समक्ष एल्यूडिकेशन एडवोकेट एंड सॉलिसिटर्स लॉ फर्म, पंजाबी बाग, नई दिल्ली के जांच अधिकारी मयंक शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कोतवाली थाना क्षेत्र की कुछ कपड़ा दुकानों पर Puma कंपनी के नाम और लोगो से मिलते-जुलते नकली टी-शर्ट और लोअर बेचे जा रहे हैं। शिकायत के बाद एसपी ने मामले की जांच कराई और जांच में तथ्य सामने आने पर कोतवाली थाना प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक्टिवा सवार युवक को पकड़ा

इसी बीच, मंगलवार दोपहर मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति एक्टिवा से सफेद रंग की बोरी में Puma कंपनी के लोगो वाले कपड़े, लोअर और टी-शर्ट लेकर उन्हें बेचने के लिए बड़ा फुहारा की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना के सामने पुलिस-प्रशासन की टीम तैनात कर दी गई। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए का व्यक्ति एक्टिवा पर प्लास्टिक की बोरी लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और पूछताछ के लिए थाने ले आई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम तनिष्क जैन (25), निवासी मिलौनीगंज, हनुमानताल बताया।

तलाशी में बोरी से मिले Puma लोगो वाले नकली कपड़े

पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो बोरी के अंदर Puma कंपनी के नाम और लोगो वाले हूबहू दिखने वाले नकली कपड़े, टी-शर्ट और लोअर मिले। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लालवानी होजरी के सामने गढ़ा फाटक रोड स्थित बड़े बाबा गारमेंट्स नामक कपड़ों की दुकान में काम करता है। आरोपी के अनुसार, दुकान मालिक खेमचंद जैन के कहने पर वह बड़े बाबा गारमेंट्स से उक्त कपड़े लेकर उनकी सप्लाई करने जा रहा था।

आरोपी तनिष्क जैन के कब्जे से Puma कंपनी के नाम और लोगो वाले हूबहू दिखने वाले 36 टी-शर्ट और 24 लोअर जब्त किए गए। इसके बाद जांच अधिकारी मयंक शर्मा के साथ आरोपी तनिष्क जैन की निशानदेही पर गढ़ा फाटक स्थित बड़े बाबा गारमेंट्स में दबिश दी गई।

दुकान से 300 टी-शर्ट और 136 हुडी बरामद

पुलिस द्वारा दुकान पर पूछताछ के दौरान संचालक ने अपना नाम खेमचंद जैन (55), निवासी भालदापुरा, नरघैया, कोतवाली बताया। पुलिस ने दुकान की तलाशी ली तो वहां Puma कंपनी के नाम और लोगो वाले 300 टी-शर्ट और 136 हुडी समेत बड़ी मात्रा में नकली कपड़े मिले। पूछताछ में दुकान मालिक खेमचंद जैन ने उक्त माल अपना होना बताया। पुलिस ने खेमचंद जैन के कब्जे से 300 टी-शर्ट और 136 हुडी जब्त करते हुए आरोपी तनिष्क जैन और दुकान मालिक खेमचंद जैन के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धारा 51 और 63 के तहत कार्रवाई की है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews
जबलपुर: Puma के नाम पर नकली कपड़ों का कारोबार, पुलिस ने दुकान पर मारा छापा, 496 नग माल किया जब्त - MP Breaking News