Hindi News

इंदौरवासियों के लिए राहत: मेट्रो को ग्रीन सिग्नल, सुपर कॉरिडोर से रेडिसन तक सफर आसान

Written by:Bhawna Choubey
Published:
इंदौर मेट्रो के विस्तारित कॉरिडोर को CMRS से मंजूरी मिल गई है। अब सुपर कॉरिडोर से मालवीय नगर तक मेट्रो जल्द शुरू होगी, जिससे शहर की कनेक्टिविटी और ट्रैफिक दोनों में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
इंदौरवासियों के लिए राहत: मेट्रो को ग्रीन सिग्नल, सुपर कॉरिडोर से रेडिसन तक सफर आसान

इंदौर शहर के लिए एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। इंदौर मेट्रो को अब ग्रीन सिग्नल मिल चुका है, जिससे शहर में मेट्रो सेवा का विस्तार होने जा रहा है। सुपर कॉरिडोर से मालवीय नगर तक मेट्रो चलाने के लिए कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेलवे सेफ्टी (CMRS) ने मंजूरी दे दी है।

इस फैसले के बाद अब मेट्रो के व्यावसायिक संचालन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि मार्च के अंत या अप्रैल के पहले सप्ताह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस नए रूट का शुभारंभ करेंगे।

17 किलोमीटर तक बढ़ेगा मेट्रो का सफर

अब तक इंदौर मेट्रो सीमित दूरी तक ही चल रही थी, लेकिन अब इसका दायरा बढ़ाकर लगभग 17 किलोमीटर कर दिया जाएगा। गांधी नगर स्टेशन से लेकर मालवीय नगर (रेडिसन चौराहा) तक यह मेट्रो सेवा शुरू होगी। इससे शहर के कई बड़े इलाकों को सीधा फायदा मिलेगा और यात्रियों का सफर आसान हो जाएगा। यह विस्तार इंदौर मेट्रो के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे शहर की पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था और मजबूत होगी।

इन स्टेशनों से होकर गुजरेगी मेट्रो

इस नए रूट में मेट्रो कई महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इनमें सुपर कॉरिडोर-2, सुपर कॉरिडोर-1, भौंरासला चौराहा, MR-10 रोड, ISBT, चंद्रगुप्त चौराहा, हीरानगर, बापट चौराहा, मेघदूत गार्डन, विजय नगर और मालवीय नगर जैसे स्टेशन शामिल हैं। इससे शहर के प्रमुख आवासीय और व्यावसायिक इलाकों के बीच सीधी कनेक्टिविटी बनेगी। खासतौर पर सुपर कॉरिडोर पर स्थित आईटी कंपनियों और शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचना अब और आसान हो जाएगा।

यात्रियों को क्या होगा फायदा

इंदौर मेट्रो के इस नए विस्तार से यात्रियों को कई फायदे मिलेंगे। सबसे बड़ा फायदा यह है कि अब ट्रैफिक में फंसने की समस्या कम होगी। मेट्रो के जरिए लोग कम समय में अपनी मंजिल तक पहुंच सकेंगे। साथ ही यह यात्रा सुरक्षित, सस्ती और पर्यावरण के अनुकूल भी होगी। विजय नगर, रेडिसन और सुपर कॉरिडोर जैसे व्यस्त इलाकों में रोजाना आने-जाने वालों को इससे खास राहत मिलेगी।

किराया भी रहेगा किफायती

इंदौर मेट्रो का किराया भी आम लोगों को ध्यान में रखकर तय किया गया है। दो स्टेशनों के बीच यात्रा करने पर 20 रुपये किराया देना होगा। पांच स्टेशनों तक जाने के लिए 30 रुपये खर्च होंगे। नौ से 11 स्टेशनों तक 50 रुपये किराया रहेगा और 15 से ज्यादा स्टेशनों के लिए 80 रुपये देना होगा। इस तरह मेट्रो आम आदमी के लिए एक सस्ता और सुविधाजनक विकल्प बनेगी।

 

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
मुझे लगता है कि कलम में बहुत ताकत होती है और खबरें हमेशा सच सामने लाती हैं। इसी सच्चाई को सीखने और समझने के लिए मैं रोज़ाना पत्रकारिता के नए पहलुओं को सीखती हूँ। View all posts by Bhawna Choubey
Follow Us :GoogleNews