MP Breaking News

इंदौर: शहर में खुलेआम धारदार चाकू लहराते हुए घूम रहा था जिलाबदर बदमाश, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र में जिलाबदर आदेश का उल्लंघन कर चाकू लहराते घूम रहे बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस को देखकर भागते समय वह गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया है।
Indore News

इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर में पुलिस अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस द्वारा बदमाशों की धरपकड़ कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है। इसी बीच, खजराना थाना क्षेत्र में पुलिस ने जिलाबदर के आदेश का उल्लंघन कर इलाके में खुलेआम धारदार चाकू लहराते हुए घूम रहे एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है।

बता दें कि पुलिस ने बदमाश को पकड़ने के लिये घेराबंदी की लेकिन पुलिस को देख बदमाश ने भागने की कोशिश की लेकिन वह असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ा, जिससे वह जख्मी हो गया। पुलिस ने आरोपी को दबोचा और उनका उपचार कराया।

पुलिस कमिश्नर ने 3 महीने के लिए किया था जिलाबदर

जानकारी अनुसार, बदमाश पूर्व में मारपीट, लूट, अड़ीबाजी और एनडीपीएस जैसे कई संगीन अपराधों में शामिल रहा है और पुलिस कमिश्नर द्वारा उसे 3 महीने के लिए इंदौर जिले की सीमाओं से बाहर जिलाबदर किया गया था। खजराना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और जिलाबदर उल्लंघन का नया मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

बता दें कि खजराना थाना प्रभारी मनोज सेंधव को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि पुलिस कमिश्नर के जिलाबदर आदेश का उल्लंघन करते हुए क्षेत्र का सूचीबद्ध बदमाश फैजल उर्फ कालू तंजीम नगर इलाके में अवैध रूप से घूम रहा है और हाथ में धारदार चाकू लहराकर दहशत फैला रहा है।​ सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई एवं एक विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर बदमाश को दबोचने के लिए घेराबंदी की।

पुलिस को देखते ही बदमाश ने भागने की कोशिश की

पुलिस टीम को सामने देखते ही शातिर आरोपी फैजल ने मौके से भागने का प्रयास किया लेकिन हड़बड़ाहट में दौड़ते समय संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर जा गिरा जिससे उसके पैर और शरीर में चोटें आईं। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया और उसकी तलाशी ली। पुलिस को आरोपी के पास से एक अवैध धारदार चाकू बरामद किया। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी फैजल इलाके का आदतन अपराधी है जिसके खिलाफ मारपीट, लूट, रंगदारी, अवैध हथियार रखने और एनडीपीएस एक्ट के 9 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।

इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews
इंदौर: शहर में खुलेआम धारदार चाकू लहराते हुए घूम रहा था जिलाबदर बदमाश, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा - MP Breaking News