इंदौर के राजवाड़ा इलाके में रविवार दोपहर को एक बड़ा हादसा हो गया। जहां एक सरकारी बस ने तीन लोगों को कुल दिया। जिनमें से एक की मौत हो गई है और अन्य दो घायल हो गये हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बस को जब्त कर थाने भेज दिया गया है। वहीं बस चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इस हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई।

बता दें कि इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है। वहीं, एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने मीडिया से बातचीत में हादसे की जानकारी दी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा दोपहर करीब 2.30 से 2.45 से बीच हुआ है। एक सरकारी ई बस ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। बस की चपेट में कुल तीन लोग आ गये।

हादसे का CCTV फुटेज आया सामने

CCTV फुटेज में चौराहे पर कुछ लोग खड़े दिखाई दे रहे हैं। पास में एक ऑटो रिक्शा भी खड़ा है। इसी दौरान तेज रफ्तार में एक बस आती है और तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लेती है। बस की टक्कर से ऑटो चालक नीचे गिरता दिखाई देता है जबकि दो अन्य लोग बस के पिछले हिस्से की चपेट में आते नजर आ रहे हैं।

घायलों को इलाज के लिये अस्पताल भेजा

पुलिस के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने बस को थाने पहुंचा दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

हादसे में एक व्यक्ति की मौत

बता दें कि बस के अनियंत्रित होने के कारणों की जांच की जा रही है। घायलों का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में जारी है। अधिकारियों के अनुसार, हादसे में घायल पिंटू की मौत हो गई है। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सरकारी बस राजवाड़ा से रंगवासा जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने आ रहे वाहनों और राहगीरों को चपेट में ले लिया। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने तुरंत घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा और भीड़ को मौके से हटाया। वहीं वाहनों को भी हटाकर ट्रैफिक सामान्य किया गया।

 

इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट