MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

जबलपुर: बरगी बांध का जलस्तर क्षमता से ऊपर, 17 गेट खोलकर की जा रही पानी की निकासी, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

जबलपुर में बने बरगी बांध के कुल 17 गेट खुल गये हैं जिनसे करीब 6136 क्यूमेक पानी नर्मदा नदी में छोड़ा जा रहा है। बांध का जलस्तर क्षमता से ऊपर पहुंचने के बाद नर्मदा घाटों पर अलर्ट जारी किया गया है।
Jabalpur News

मध्यप्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश के चलते कई जगहों पर नदी-नाले उफान पर हैं। पुलों के ऊपर से पानी बहने के कारण कुछ गांवों का संपर्क शहरों और आसपास के इलाकों से टूट गया है। वहीं, तेज बारिश के चलते नर्मदा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है जिससे नदी किनारे बसे क्षेत्रों में चिंता बढ़ गई है।

बता दें कि तेज बारिश के चलते बरगी बांध में लगातार पानी बढ़ रहा है। बांध पूरी तरह भर चुका है। इसी को देखते हुए आज एक बार फिर बरगी बांध के चार गेट खोले गए हैं। अब बांध के कुल 17 गेट खुले हैं और इनसे पानी छोड़ा जा रहा है।

बांध का जलस्तर तय क्षमता से ऊपर पहुंचा

सभी गेटों से औसतन 2.36 मीटर की ऊंचाई से करीब 6136 क्यूमेक पानी नर्मदा नदी में छोड़ा जा रहा है। बांध प्रबंधन के मुताबिक बांध का जलस्तर रविवार सुबह 423.06 मीटर दर्ज किया गया था जबकि बांध की निर्धारित पानी की क्षमता 422.76 मीटर है। माना जा रहा है कि अगर इसी रफ्तार से बांध में पानी आता रहा तो आने वाले समय में 21 गेट खोले जा सकते हैं।

घाटों से दूरी बनाए रखने की अपील

बांध में लगातार पानी आने के चलते नर्मदा नदी के घाटों पर भी अलर्ट कर दिया गया है। नर्मदा के घाट पर 8 से 10 मीटर तक पानी का जलस्तर भी बढ़ गया है। ऐसे में बरगी बांध प्रबंधन और जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए सभी लोगों से घाटों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।

जबलपुर से वंदना झा की रिपोर्ट

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews
जबलपुर: बरगी बांध का जलस्तर क्षमता से ऊपर, 17 गेट खोलकर की जा रही पानी की निकासी, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट - MP Breaking News