MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

जबलपुर में भीषण सड़क हादसा: भोजनालय में घुसी तेज रफ्तार कार, वकील की मौत और 4 लोग गंभीर

जबलपुर में मेडिकल कॉलेज के पास शुक्रवार तड़के एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे भोजनालय में जा घुसी। इस भीषण हादसे में कार सवार एक अधिवक्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक और होटल में सो रहे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जबलपुर में भीषण सड़क हादसा

जबलपुर के मेडिकल कॉलेज के पास शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे बनी एक होटल में जा घुसी। इस हादसे में कार सवार एक वकील की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दोस्त समेत होटल में सो रहे तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि किसी को भागने का मौका तक नहीं मिला। घायलों को तुरंत पास के मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सुबह 4 बजे हुआ हादसा, कार में मिली शराब की बोतल

होटल संचालक लकी कुशवाहा ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे वह अपनी पत्नी के साथ दुकान खोलने की तैयारी कर रहे थे। तभी अचानक एक अनियंत्रित कार सीधे उनकी दुकान में घुस गई। कार में अधिवक्ता शिवम शर्मा अपने दोस्त शरद कुमार दुबे के साथ जसूजा सिटी की तरफ जा रहे थे। हादसे के बाद कार की जांच करने पर अंदर से शराब की एक बोतल भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है।

होटल में सो रहे 3 लोगों पर चढ़ी गाड़ी

कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि दुकान के अंदर सो रहे तीन लोगों को संभलने का समय ही नहीं मिला और गाड़ी सीधे उनके ऊपर चढ़ गई। हादसे में घायलों के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। कुछ लोगों के सिर में गहरी चोट लगने के कारण हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग और धनवंतरी नगर चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सभी को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने कार जब्त की, जांच में जुटी टीम

धनवंतरी नगर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक अधिवक्ता शिवम शर्मा के शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस फिलहाल इस बात की तफ्तीश कर रही है कि हादसा केवल तेज रफ्तार की वजह से हुआ या ड्राइवर नशे में था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि कार चला रहे शख्स ने शराब पी रखी थी या नहीं।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews
जबलपुर में भीषण सड़क हादसा: भोजनालय में घुसी तेज रफ्तार कार, वकील की मौत और 4 लोग गंभीर