MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

MP सरकार खरीदेगी 575 करोड़ के जेट-हेलीकॉप्टर, उमंग सिंघार बोले “जनता त्रस्त, सरकार शौक पूरे करने में मस्त”

एक तरफ मध्यप्रदेश पर लगभग 5.56 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है और सरकार लगातार नई उधारी ले रही है, दूसरी तरफ करोड़ों रुपये के जेट और हेलीकॉप्टर खरीदे जा रहे हैं। इसे लेकर कांग्रेस ने सरकार को घेरा है और सवाल किया है कि जब प्रदेश में जहरीली शराब और स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में मौतें हो रही हैं, तब वीआईपी सुविधाओं पर इतनी बड़ी रकम खर्च करना सरकार की प्राथमिकता कैसे हो सकती है।
Leader of the Opposition Umang Singhar

Umang Singhar

मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री के लिए नए हेलीकॉप्टर और जेट की खरीद को लेकर सियासत तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति और जहरीली शराब जैसी घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं, वहीं मुख्यमंत्री के हवाई सफर और वीआईपी सुविधाओं पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि पहले करीब 350 करोड़ रुपये का जेट खरीदा जा रहा है और अब करीब 225 करोड़ रुपये का नया हेलीकॉप्टर लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोगों की जान जा रही है, अस्पतालों में जरूरी सुविधाओं की कमी के सवाल उठ रहे हैं, लेकिन सरकार का ध्यान मुख्यमंत्री के हवाई सफर को सुविधाजनक बनाने पर है।

उमंग सिंघार ने सरकार से किए सवाल 

उमंग सिंघार ने बालाघाट में बच्चों की मौत और जहरीली शराब से हुई मौतों का जिक्र करते हुए प्रदेश सरकार से सवाल किया कि ऐसे समय में जनता के पैसे का इस्तेमाल किस तरह की प्राथमिकताओं के लिए किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पतालों की व्यवस्थाएं सुधारने के बजाय वीआईपी दौरों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। कांग्रेसी नेता ने कहा कि सरकार 63 नए हेलीपैड बनाने पर भी जनता का पैसा खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि “जनता त्रस्त है और सरकार अपने शौक पूरे करने में मस्त है।” उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि क्या मध्यप्रदेश की जनता की जान से ज्यादा आपके फिजूल खर्च जरूरी हैं।

350 करोड़ के जेट पर सवाल

मध्यप्रदेश सरकार के लिए नया वीवीआईपी जेट खरीदा जा रहा है। यह बॉम्बार्डियर चैलेंजर 3500 विमान है। इसकी कीमत को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं। शुरुआती रिपोर्ट्स में विमान की कीमत लगभग 230 करोड़ रुपये बताई गई थी, जबकि बाद की रिपोर्टों में इसकी कुल लागत करीब 350 करोड़ रुपये तक बताई गई है।

यह विमान मुख्यमंत्री सहित प्रदेश के अन्य वीआईपी लोगों की यात्राओं के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। सरकार की ओर से विमान खरीदने के पीछे चार्टर्ड विमान पर होने वाले लगातार खर्च और राज्य की अपनी विमानन सुविधा को मजबूत करने की जरूरत को वजह बताया गया है। दरअसल, मध्यप्रदेश सरकार पिछले कुछ वर्षों में मुख्यमंत्री और अन्य वीआईपी यात्राओं के लिए विमान और हेलीकॉप्टर किराये पर भी लेती रही है। विधानसभा में सामने आए आंकड़ों के मुताबिक चार साल में विमान और हेलीकॉप्टर किराये पर लगभग 290 करोड़ रुपये खर्च हुए थे।

225 करोड़ का हेलीकॉप्टर खरीदेगी एमपी सरकार

इसी बीच राज्य सरकार के लिए लगभग 225 करोड़ रुपये की लागत वाला नया हेलीकॉप्टर भी खरीदा जा रहा है। यह एयरबस एसीएच160 मॉडल है। इसकी खरीद मुख्यमंत्री और अन्य वीआईपी यात्राओं के लिए राज्य की हवाई परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की योजना का हिस्सा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, हेलीकॉप्टर में पायलट सहित लगभग नौ लोगों के बैठने की क्षमता होगी। इसे फ्रांस से मध्यप्रदेश लाया जाएगा और इसके अलग-अलग हिस्सों को भारत में असेंबल किए जाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews
MP सरकार खरीदेगी 575 करोड़ के जेट-हेलीकॉप्टर, उमंग सिंघार बोले "जनता त्रस्त, सरकार शौक पूरे करने में मस्त"