MP Breaking News
Google पर फॉलो करें

शहपुरा टोल पर आदेश की खुलेआम अनदेखी! नितिन गडकरी के निर्देश के बावजूद वाहन चालकों से शुल्क वसूलने का आरोप, वीडियो वायरल

जबलपुर-भोपाल मार्ग के शहपुरा टोल प्लाजा पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के टोल वसूली बंद करने के निर्देश के बावजूद वाहन चालकों से शुल्क वसूले जाने का वीडियो सामने आया है। वीडियो के बाद टोल ठेकेदार की कार्यप्रणाली और निर्देशों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
Jabalpur Shahpura Toll Plaza

जबलपुर-भोपाल मार्ग स्थित शहपुरा टोल प्लाजा पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के टोल बंद करने के निर्देश के बावजूद वाहन चालकों से अब भी टोल शुल्क वसूलने का आरोप है। इस संबं​ध में एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा रहा है कि टोल कर्मी आदेश की बात से इनकार करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

बता दें कि वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था और टोल ठेकेदार की कथित मनमानी पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुल टूटने के कारण इस मार्ग पर यातायात को डायवर्ट किया गया था। 25 सितंबर को भोपाल में आयोजित सुगम परिवहन सेवा कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने टोल वसूली बंद करने के निर्देश दिए थे।

वहीं, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया है। बावजूद इसके अब भी शहपुरा टोल नाके पर वसूली का खेल चल रहा है। ऐसे में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के निर्देशों की खुलेआम अवहेलना किए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

नितिन गडकरी ने दिये थे टोल वसूली रोकने के निर्देश

बता दें कि राकेश सिंह ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर नितिन गडकरी के फैसले को जनता के हित में बड़ा फैसला बताया था। उन्होंने जानकारी दी थी कि जबलपुर के शहपुरा टोल प्लाजा पर टोल वसूली तत्काल प्रभाव से रोक दी गई है। दरअसल, जबलपुर-हिरना नदी मार्ग पर शहपुरा रेलवे ओवरब्रिज क्षतिग्रस्त होने के कारण वाहनों को वैकल्पिक मार्ग पाटन की ओर डायवर्ट किया जा रहा था। इसके बावजूद शहपुरा टोल प्लाजा पर टोल वसूली जारी थी।

इसके बाद लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर शहपुरा टोल प्लाजा पर टोल वसूली अस्थायी रूप से बंद करने का अनुरोध किया था। जिसके बाद नितिन गडकरी ने शहपुरा टोल प्लाजा पर टोल कलेक्शन तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए थे। राकेश सिंह ने बताया था कि शहपुरा रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होने तक टोल प्लाजा पर वसूली बंद रहेगी। ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होने के बाद टोल प्लाजा को दोबारा शुरू किया जाएगा।

नितिन गडकरी के नि​र्देश के बावजूद टोल प्लाजा पर वसूली जारी

मुद्दे की बात यह है कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के शहपुरा टोल प्लाजा स्थाई रूप से बंद करने के आदेश को मंजूरी देने के अगले 24 घंटे बाद ही यह वीडियो सामने आ गया। वीडियो में जब टोलकर्मी से नितिन गडकरी के आदेश का जिक्र किया जाता है तो टोल कर्मी आदेश दिखाने की बात कह रहा है। वहीं पीछे साफ दिखाई दे रहा कि वाहन टोल देकर वहां से निकल रहे हैं।

राकेश सिंह ने भी दिया था टोल वसूली बंद का निर्देश

शहपुरा टोल पर यह पहली बार नहीं है जब बंद करने के निर्देश के बावजूद वसूली का मामला सामने आया है। 01 सितंबर 2026, को मंत्री राकेश सिंह ने एक बैठक में स्पष्ट कहा था कि जबलपुर-भोपाल मार्ग पर शहपुरा रेलवे ब्रिज के क्षतिग्रस्त होने के कारण यातायात को डायवर्ट किया जा रहा है। ऐसे में शहपुरा टोल प्लाजा पर टोल वसूली को लेकर स्थानीय लोगों में असंतोष की स्थिति बनी हुई है। इसे देखते हुए शहपुरा टोल नाके पर अस्थायी रूप से टोल बंद के निर्देश दिये थे।

जबलपुर से वंदना झा की रिपोर्ट

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews
शहपुरा टोल पर आदेश की खुलेआम अनदेखी! नितिन गडकरी के निर्देश के बावजूद वाहन चालकों से शुल्क वसूलने का आरोप, वीडियो वायरल - MP Breaking News