इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर में शनिवार को हुआ राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम सफल रहा है। अब प्रदेश कांग्रेस अब इस अभियान को प्रदेश के सभी जिलों तक ले जाने की तैयारी कर रही है। एक तरफ जहां कांग्रेस इस सफल कार्यक्रम को लेकर खुश है तो वहीं भाजपा राहुल गांधी समेत कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोल रही है। इंदौर में हुए कार्यक्रम के बाद रविवार को इंदौर प्रेस क्लब में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की।
जीतू पटवारी ने कार्यक्रम में युवाओं की बड़ी भागीदारी का जिक्र करते हुए कहा कि इंदौर में इतिहास रचा गया है और छात्रों की समस्याओं को लेकर देश में एक नई बहस शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में युवाओं की मौजूदगी उनकी उम्मीद से भी ज्यादा रही। पटवारी ने कहा कि कार्यक्रम में शामिल होकर युवाओं एवं छात्रों ने एक नया अध्याय लिख दिया है और उनके जोश की चर्चा पूरे देश में हो रही है।
युवाओं के सवालों की गूंज अब पूरे प्रदेश में पहुंचाने की तैयारी
इंदौर के युवाओं ने शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक और अपने भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की है। अब युवाओं के सवालों की गूंज पूरे देश में सुनाई दे रही है। पटवारी ने कहा कि इंदौर में हुए आयोजन के बाद कांग्रेस छात्रों के मुद्दों को लेकर प्रदेश के जिलों तक जाएगी। जीतू पटवारी ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जरिए युवाओं की आवाज सरकार तक पहुंची है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान प्रशासन और पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई किसी के इशारे पर हुई होगी।
इंदौर से शुरू हुई ‘छात्रों की गूंज’,
अब पूरे मध्य प्रदेश में भी सुनाई देगी!📍इंदौर | प्रेस कॉन्फ्रेंस. pic.twitter.com/hh8IlSnDIE
— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) September 20, 2026
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने आगे कहा कि कार्यकर्ता हर घर तक जाकर बच्चों, अभिभावकों और युवाओं से शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उनका कहना है कि अभियान का उद्देश्य मध्यप्रदेश के बच्चों की भावनाओं और उनके सवालों को सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने शिक्षा का अधिकार, शिक्षा की सुरक्षा, सस्ती शिक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शिक्षा जैसे मुद्दों का जिक्र किया।
जीतू पटवारी का सीएम मोहन यादव के बयान पर पलटवार
जीतू पटवारी यहां तक नहीं थमे, उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा नेताओं के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें ‘छात्रों की गूंज’ को ‘झूठ की गूंज’ कहा गया था। पीसीसी चीफ ने कहा कि सरकार छात्रों, अपने बच्चों की शिक्षा को लेकर परेशान अभिभावकों या भर्ती परीक्षाओं और रोजगार के सवाल उठा रहे युवाओं में से किसे झूठा बता रही है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों और अभिभावकों के सवाल सरकार को झूठ दिखाई देते हैं तो यह सरकार की मंशा का सवाल है। पटवारी ने मुख्यमंत्री से छात्रों और युवाओं की आवाज सुनने और उनके सवालों का जवाब देने की अपील की।
छात्रों को लेकर बीजेपी के सवालों पर जीतू पटवारी का जवाब
कार्यक्रम के मंच पर मौजूद छात्रों को लेकर बीजेपी की ओर से उठाए गए सवालों पर जीतू पटवारी ने कहा कि यह देखा जाना चाहिए कि मंच पर मौजूद लोग छात्र थे या नहीं और क्या कार्यक्रम में छात्रों से जुड़े मुद्दे उठाए गए या नहीं। उन्होंने रोजगार समेत अन्य मुद्दों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। वहीं, कार्यक्रम में मिमिक्री आर्टिस्ट को लेकर चल रहे विवाद पर पटवारी ने कहा कि मिमिक्री मनोरंजन का माध्यम है और इसका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। सरकारी संपत्ति पर लगाए गए होर्डिंग्स को लेकर उन्होंने शहरवासियों से माफी मांगी। पटवारी ने यह भी कहा कि बीजेपी की ओर से लगाए गए होर्डिंग्स के कारण कांग्रेस का प्रचार ही हुआ है।
गौरतलब है कि शनिवार को राहुल गांधी ने इंदौर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में शामिल होकर छात्रों एवं युवाओंं से संवाद किया। वहीं, युवाओं ने भी राहुल गांधी के सामने मंच पर खुलकर अपनी समस्याएं एवं मांगें रखीं। कार्यक्रम में राहुल गांधी ने छात्रों को संबोधित करते हुए सरकार और सिस्टम पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस सिस्टम को स्टूडेंट नहीं चाहिए बल्कि अंधभक्त चाहिए। राहुल गांधी ने पेपर लीक, रोजगार, सिस्टम, संस्थागत विफलता, बुनियादी ढांचे की कमी, शिक्षा की बढ़ती लागत और निजीकरण जैसे विषय प्रमुख पर चर्चा की।
इंदौर-मप्र के युवाओं ने इतिहास रच दिया है!
उनके जोश की चर्चा पूरे देश में है!📍इंदौर | प्रेस कॉन्फ्रेंस. pic.twitter.com/9edYSNvdxN
— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) September 20, 2026
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट





