मध्यप्रदेश को सेमीकंडक्टर उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करने, तकनीकी अधोसंरचना विकसित करने, नवाचार को बढ़ावा देने और कुशल मानव संसाधन तैयार करने पर विशेष ध्यान दे रही है।

इसी क्रम में इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में दो दिवसीय मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026 का आयोजन किया जा रहा है, जिसका मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज, शुक्रवार को शुभारंभ करेंगे। 23 और 24 अक्टूबर को इंदौर में होने वाले इस समिट में मुख्यमंत्री ‘सेमीकंडक्टर हब के रूप में मध्यप्रदेश का विजन’ प्रस्तुत करेंगे। वे समिट में आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे तथा सेमीकंडक्टर उद्योग से जुड़े निवेशकों एवं कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें करेंगे।

इस दो दिवसीय समिट में देश-विदेश की सेमीकंडक्टर कंपनियों के प्रतिनिधि, निवेशक, उद्योग विशेषज्ञ, शिक्षाविद और स्टार्टअप प्रतिनिधि शामिल होंगे। समिट में सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश, तकनीकी सहयोग, अनुसंधान, नवाचार और औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

बता दें कि राज्य सरकार ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए ‘मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर नीति-2025’ को स्वीकृति दी है। नीति के माध्यम से प्रदेश में सेमीकंडक्टर उद्योग की स्थापना, निवेश और तकनीकी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य है। मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026 प्रदेश में सेमीकंडक्टर उद्योग के विकास, निवेश को आकर्षित करने, तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने और कुशल मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

विभिन्न आयामों पर होगी चर्चा, कंपनियां दिखाएंगी तकनीकी क्षमताएं

  • समिट में सेमीकंडक्टर विनिर्माण, चिप डिजाइन, उन्नत पैकेजिंग एवं टेस्टिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, अनुसंधान एवं नवाचार तथा कुशल मानव संसाधन विकास जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
  • 2 दिवसीय आयोजन में 8 पैनल चर्चाएँ, 5 राउंडटेबल बैठकें और 4 मुख्य व्याख्यान होंगे।
    समिट के दौरान आयोजित प्रदर्शनी में 50 से अधिक कंपनियां चिप डिजाइन, पैकेजिंग एवं टेस्टिंग, उपकरण, सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगी।
  • प्रदर्शनी निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और तकनीकी विशेषज्ञों को कंपनियों के साथ संवाद करने तथा संभावित व्यावसायिक सहयोग के अवसर तलाशने का मंच प्रदान करेगी।

मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026 में क्या-क्या होगा

पहला दिन: उद्योग, शिक्षा और अनुसंधान संस्थानों के बीच सहयोग को मिलेगा बढ़ावा

  • समिट के पहले दिन प्रदेश को एडवांस पैकेजिंग और टेस्टिंग हब के रूप में विकसित करने, फैबलेस इकोसिस्टम तैयार करने और सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग व सप्लाई चेन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर पैनल चर्चा होगी।
  • AI इंफ्रास्ट्रक्चर, फैबलेस प्रोडक्ट और इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी से जुड़ी कंपनियों तथा प्रमुख शिक्षण संस्थानों के निदेशकों और कुलपतियों के साथ राउंडटेबल बैठकें भी आयोजित होंगी।
  • इन बैठकों में उद्योग, शिक्षा और अनुसंधान के बीच सहयोग की संभावनाओं को लेकर मंथन किया जाएगा।

दूसरा दिन: चिप प्रौद्योगिकी, नवाचार और कौशल विकास पर होगा विचार-विमर्श

  • समिट के दूसरे दिन चिप प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पाद निर्माण, डिजाइन सेवाओं, अनुसंधान एवं विकास तथा प्रतिभा संवर्धन जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
  • फोटोनिक्स एवं क्वांटम प्रौद्योगिकी और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) से संबंधित बैठकें भी आयोजित की जाएँगी।
  • ‘मध्यप्रदेश सेमीकॉन स्टार्टअप प्रतियोगिता’ के अंतिम चरण में चयनित विजेताओं को समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा।