इंदौर में दिसंबर में सजेगी कारोबार और स्टार्टअप्स की महफिल, ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में होगी ग्लोबल समिट

इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में 14 और 15 दिसंबर को टाई ग्लोबल समिट 2026 का आयोजन होगा। इस दो दिवसीय महाकुंभ में देश-विदेश के हजारों उद्यमी, निवेशक और स्टार्टअप फाउंडर्स भविष्य के कारोबार और नई तकनीकों पर चर्चा करेंगे।
इंदौर में दिसंबर में सजेगी कारोबार और स्टार्टअप्स की महफिल, ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में होगी ग्लोबल समिट

मध्य प्रदेश के आर्थिक शहर इंदौर में इस साल दिसंबर के महीने में एक बहुत बड़ा कारोबारी आयोजन होने जा रहा है। देश-विदेश के बड़े उद्यमी, निवेशक और स्टार्टअप फाउंडर्स 14 और 15 दिसंबर को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में जुटेंगे। इस दो दिवसीय टाई ग्लोबल समिट (TGS) 2026 में भविष्य के व्यापार और नई तकनीकों पर खुलकर चर्चा की जाएगी, जिससे शहर के युवाओं को आगे बढ़ने का बड़ा मौका मिलेगा।

20 से ज्यादा देशों के दो हजार से अधिक प्रतिनिधि होंगे शामिल

दरासल, इस दो दिवसीय महाकुंभ में दुनिया के 20 से अधिक देशों से 2 हजार से ज्यादा मेहमान और प्रतिनिधि हिस्सा लेने आ रहे हैं। इस आयोजन का मुख्य मकसद छोटे और नए स्टार्टअप्स को बड़े निवेशकों और दुनिया भर के जाने-माने उद्योग विशेषज्ञों से जोड़ना है। इसके जरिए कारोबार को आगे बढ़ाने के नए रास्ते खुलेंगे और भविष्य में आने वाली नई तकनीकों पर भी बात होगी।

500 से ज्यादा स्टार्टअप्स और 75 से अधिक निवेशक दिखाएंगे दम

इस समिट में 500 से अधिक नए स्टार्टअप्स, 75 से ज्यादा बड़े निवेशक, 200 से अधिक प्रदर्शक और 100 से ज्यादा कॉर्पोरेट पार्टनर्स अपनी हिस्सेदारी निभाएंगे। कार्यक्रम के दौरान कई मुख्य भाषण, पैनल चर्चाएं और बिजनेस मास्टरक्लास आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में नए कारोबारियों को अपने प्रोडक्ट्स दिखाने और निवेशकों से सीधे बात करने का सुनहरा मौका मिलेगा।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्लीन एनर्जी पर रहेगा खास फोकस

आने वाले दशक में तकनीक हमारे जीवन और व्यापार को कैसे बदलेगी इस पर समिट में खास तौर पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान एप्लाइड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, जलवायु परिवर्तन, स्वच्छ ऊर्जा, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य और बायोटेक्नोलॉजी जैसे छह बड़े विषयों पर बात होगी। इन सभी सत्रों के जरिए यह समझने की कोशिश होगी कि आने वाले समय में नए कारोबारियों के लिए बाजार में क्या-क्या नए अवसर आने वाले हैं।

TGS100 के जरिए 100 चुनिंदा स्टार्टअप्स को मिलेगा बड़ा मंच

इस पूरी समिट का सबसे बड़ा आकर्षण TGS100 रहने वाला है जिसमें देश भर से चुने गए 100 बेहतरीन स्टार्टअप्स को अपने आइडिया सबके सामने रखने का मौका मिलेगा। इन स्टार्टअप्स के लिए विशेष पिचिंग सेशन रखे गए हैं ताकि वे सीधे बड़े निवेशकों और मेंटर्स से जुड़ सकें। आयोजकों का मानना है कि इससे स्थानीय और उभरते हुए स्टार्टअप्स को अपनी पहचान बनाने में बहुत मदद मिलेगी।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews