‘कोको’ बना शराब की लत से मुक्ति पाने वाला दुनिया का पहला कुत्ता, इस तरह हुआ नशे का आदी

‘कोको’ बना शराब की लत से मुक्ति पाने वाला दुनिया का पहला कुत्ता, इस तरह हुआ नशे का आदी

World’s first dog free from alcohol : नशा मुक्ति को लेकर देश विदेश में कई अभियान चलाए जाते हैं। नशा कोई भी हो, हानिकारक ही होता है। यही वजह है कि इससे दूर रहने की सलाह दी जाती है। लेकिन अगर लत लग ही जाए तो उसे छुड़ाने के लिए कई तरह से नशामुक्ति अभियान भी चलाए जाते हैं। लेकिन आज तक ये सब आपने इंसानों के लिए ही सुना होगा। क्या कभी ये सुना है कि किसी जानवर को नशामुक्त कराया गया।

एक ऐसा ही दुर्लभ मामला सामने आया है ब्रिटेन में। यहां एक कुत्ते को नशामुक्त कराया गया और वो इस तरह का पहला पशु बन गया है। ब्रिटेन के प्लायमाउथ में दो साल के कोको नाम के लैब्राडोर डॉग को शराब की लत लग गई। दरअसल उसका मालिक शराब का आदी था और वो नशे में अपना पैग भरा हुआ छोड़ देता था। कोको को उसे पीने की आदत लग गई और अपने मालिक के छोड़े हुए पैक को पी पीकर उसे भी नशे की आदत हो गई।

न्यूजवीक के अनुसार, डेवोन में पशु बचावकर्मियों द्वारा शराब की लत छुड़ाने के लिए कोको नाम के इस कुत्ते का इलाज किया गया। उनका दावा है कि यह इस प्रकार का पहला मामला है। कोको के साथ एक अन्य कुत्ते को भी उनके मालिक की मृत्यु के बाद प्लायम्टन में वुडसाइड एनिमल वेलफेयर ट्रस्ट में ले जाया गया था। इन दोनों कुत्तों की स्थिति देखते हुए इन्हें आपातकालीन देखभाल की आवश्यकता थी। स्टाफ के बेहतरीन प्रयासों के बाद कोको तो ठीक हो गया लेकिन उसके दोस्त की मृत्यु हो गई। बचाव केंद्र में कोको को चार सप्ताह के लिए रखा गया और उसका इलाज किया गया। उसे एक महीने के लिए बेहोश रखना पड़ा था।

वुडसाइड एनिमल वेलफेयर ट्रस्ट ने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा कि ‘हमारे लिए पहला कैनाइन अल्कोहल विदड्रॉल’ हम डनरोमिन स्पेशल केयर यूनिट के सबसे नए सदस्य कोको में आपका स्वागत करना चाहते हैं। कोको हमारे साथ एक महीने से अधिक समय से है और उसके आने के बाद से उसे विशेष देखभाल की आवश्यकता थी। ट्रस्ट ने आगे कहा ‘हम बहुत शुक्रगुजार हैं कि अब कोको खतरे से बाहर हैं और उसे दवाओं की जरूरत नहीं है।अब वह एक सामान्य कुत्ते की तरह व्यवहार करना शुरू कर रहा है।’ इस तरह कोको अब खतरे से बाहर है और उम्मीद है कि आगे का उसका जीवन सामान्य रहेगा।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews