रविवार को जापान के प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद अचानक दिए गए इस इस्तीफे को लेकर लोगों के बीच चर्चाएं शुरू हो गईं। यह सवाल खड़ा हो गया कि आखिर इस्तीफे का कारण क्या है। बता दें कि सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के भीतर विभाजन से बचाव के लिए यह कदम उठाया गया है। इस बात की पुष्टि जापानी मीडिया NHK द्वारा की गई है।

दरअसल इशिबा की गठबंधन सरकार थी, जो जुलाई में हुए ऊपरी सदन के चुनाव में हार गई थी। हालांकि इसके बाद इशिबा द्वारा माफी भी मांगी गई थी। उन्होंने माफी मांगते हुए कहा था कि अब वह इस्तीफा देने के निर्णय के बारे में सोचेंगे। हालांकि चुनाव के बाद इस्तीफे को लेकर मांग और तेज हो गई थी। इसे लेकर LDP के भीतर इशिबा को हटाओ आंदोलन तेज हो गया था।

क्यों देना पड़ा इस्तीफा?

गौरतलब है कि इशिबा की खुद की पार्टी में ही कुछ नेताओं और सांसदों ने उनके नेतृत्व पर सवाल उठा दिए। यही कारण रहा कि उनकी पार्टी और सत्ता और भी ज्यादा कमजोर हो गई। अब उन्होंने रविवार को अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया। बता दें कि अक्टूबर 2024 में जापान में हुए चुनाव में बिना बहुमत के ही इशिबा प्रधानमंत्री बने थे। दरअसल LDP-कोमैतो गठबंधन को 465 में से सिर्फ 215 सीटें ही मिली थीं। बावजूद इसके उन्हें प्रधानमंत्री चुना गया था क्योंकि दूसरा कोई भी गठबंधन सरकार बनाने की स्थिति में दिखाई नहीं दे रहा था।

अब ये हैं अगले प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार

हालांकि अब शिगेरु इशिबा की स्थिति के बाद अगले प्रधानमंत्री को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। अब उनके हटने के बाद LDP में नए लीडर के नाम सामने आ रहे हैं। दरअसल इसके लिए पांच सबसे बड़े उम्मीदवार बताए जा रहे हैं, जो मौजूदा समय में LDP की सरकार में कार्यरत हैं। सबसे बड़ा नाम तोशिमित्सु मोतेगी का सामने आ रहा है, जो पूर्व में LDP के महासचिव रह चुके हैं। इसके अलावा योशिमासा हायाशी, जो कि वर्तमान में कैबिनेट सचिव हैं, भी प्रधानमंत्री के उम्मीदवार हैं। हालांकि संभावना जताई जा रही है कि सनाए ताकाइची को यह जिम्मेदारी दी जा सकती है। वह पूर्व आर्थिक सुरक्षा राज्य मंत्री रह चुकी हैं। इनके अलावा दो और नाम सामने आ रहे हैं जिनमें शिंजीरो कोईजुमी, जो वर्तमान में कृषि मंत्री हैं, और कात्सुनोबु कातो, जो वर्तमान में वित्त मंत्री हैं, प्रधानमंत्री के लिए उम्मीदवार बताए जा रहे हैं।