Hindi News

चीन में लगा दुनिया का सबसे बड़ा जाम, 1.2 लाख वाहन फंसे, वीडियो देखकर आप भी रह जाएंगे हैरान!

Written by:Rishabh Namdev
Published:
चीन में राष्ट्रीय दिवस और मध्य शरद उत्सव की आठ दिवसीय छुट्टियां खत्म हो चुकी हैं, लेकिन इन छुट्टियों के खत्म होने के बाद लोगों की परेशानी बहुत ज्यादा बढ़ गई है। बता दें कि छुट्टियों से लौट रहे लोगों को भीषण ट्रैफिक का सामना करना पड़ा। यह ट्रैफिक अनहुई प्रांत के वुझुआंग पर 36 लेन वाले टोल प्लाजा पर लगा।
चीन में लगा दुनिया का सबसे बड़ा जाम, 1.2 लाख वाहन फंसे, वीडियो देखकर आप भी रह जाएंगे हैरान!

जब भी भीषण ट्रैफिक की बात आती है तो आपको दिल्ली या मुंबई जैसे शहर याद आते होंगे, क्योंकि इन शहरों में ट्रैफिक लगना आम बात है। भारत में त्योहारों के समय ट्रैफिक और बढ़ जाता है, जिससे लोगों को परेशानियां होने लगती हैं। लेकिन चीन से आई खबर ने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया। दरअसल, चीन में दुनिया का सबसे बड़ा ट्रैफिक जाम लगा। यह ट्रैफिक चीन के राष्ट्रीय दिवस और मध्य शरद उत्सव की आठ दिवसीय छुट्टियों के खत्म होने के बाद लगा, जब लोग अपने घरों की ओर लौट रहे थे।

चीन में यह ट्रैफिक अनहुई प्रांत के वुझुआंग टोल स्टेशन पर लगा। लोगों को लंबी छुट्टी मिली हुई थी और छुट्टियों के खत्म होने के बाद वे अपने-अपने घरों की ओर लौट रहे थे। इस दौरान हजारों गाड़ियां घंटों तक इस जाम में फंसी रहीं।

हजारों गाड़ियां फंसी

दरअसल, यह जाम इतना विशाल था कि सोशल मीडिया पर इसके वीडियो भी वायरल हो गए। ड्रोन से लिए गए एक वीडियो में देखा जा सकता है कि यह जाम कितना भयंकर था। फुटेज में 36 लेन वाले विशाल वुझुआंग टोल स्टेशन पर लाल टेल लाइट्स की लंबी कतारें एक अद्भुत नजारा पेश कर रही थीं। हजारों गाड़ियां इस वीडियो में फंसी हुई दिखाई दे रही थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दिन इस टोल स्टेशन पर लगभग 1,20,000 से ज्यादा वाहनों का आवागमन हुआ था। कई लोगों को लग सकता है कि टोल प्लाजा छोटा होगा, लेकिन जानकारी के लिए बता दें कि वुझुआंग टोल प्लाजा भी चीन के सबसे विशाल टोल प्लाजाओं में से एक है। इसमें कुल 36 लेन हैं, लेकिन इतने बड़े जाम ने इस टोल प्लाजा पर सैकड़ों वाहनों की लाइन लगा दी।

क्यों लगा इतना बड़ा जाम?

ड्रोन फुटेज में यह देखा जा सकता है कि कई गाड़ियां अलग-अलग लेन से निकलकर मुख्य लेन में आगे बढ़ने की कोशिश कर रही थीं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इन वीडियो के बाद इस महा ट्रैफिक को “रेड सी ऑफ लाइट्स” का नाम दिया गया। बता दें कि चीन में मध्य शरद उत्सव एक बड़ा त्योहार माना जाता है, जिसमें सभी लोग अपने परिजनों के साथ इसे मनाने के लिए घर पहुंचते हैं। इस साल यह त्योहार राष्ट्रीय दिवस की छुट्टियों के साथ पड़ा, जिससे लोगों को 8 दिन का लंबा अवकाश मिला और वे अपने घर पहुंच गए। लेकिन जब इन छुट्टियों के बाद लौटने का समय आया, तो लोग परेशान हो गए और ट्रैफिक में फंसे रहे। चीन के संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय के मुताबिक, छुट्टियों के दौरान कुल 88.8 करोड़ लोगों ने सफर किया, जो पिछले साल की तुलना में लगभग 16% ज्यादा है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews